कोटा में पहले निजी औद्योगिक पार्क 'अर्बना टेक्नोपार्क' का भव्य शुभारंभ
एनएच-52 पर मंडाना के पास स्थित इस पार्क का लक्ष्य औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित कर कोटा को पुनः औद्योगिक पहचान दिलाना और रोजगार सृजन करना है।

कोटा के मंडाना टोल प्लाजा के पास 18 अप्रैल को आयोजित 'अर्बना टेक्नोपार्क' के शुभारंभ समारोह के दौरान मंच पर उपस्थित (बाएं से दाएं) निदेशक अनिल मूंदड़ा, बी.डी. मूंदड़ा, पवन मूंदड़ा और अन्य गणमान्य अतिथि।
कोटा। राजस्थान की औद्योगिक नगरी कोटा के विकास पथ पर एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। औद्योगिक विकास को अभूतपूर्व गति देने के उद्देश्य से कोटा के पहले निजी औद्योगिक पार्क ‘अर्बना टेक्नोपार्क’ का १८ अप्रैल को भव्य शुभारंभ किया गया। समारोह में विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के हजारों पदाधिकारियों, प्रतिष्ठित उद्योगपतियों और उत्साही युवा उद्यमियों की गरिमामयी उपस्थिति ने इस परियोजना को कोटा के आर्थिक भविष्य के लिए एक निर्णायक पहल के रूप में स्थापित कर दिया है। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने नए दौर के उद्योगों के लिए उद्यमियों का व्यापक मार्गदर्शन भी किया।
निदेशक अनिल मूंदड़ा ने कार्यक्रम की सफलता को रेखांकित करते हुए बताया कि आयोजन में दी एसएसआई एसोसिएशन, कोटा व्यापार महासंघ, लघु उद्योग भारती कोटा, कोटा फेडरेशन, कोटा मोटर्स डीलर्स एसोसिएशन, ऑल इंडिया ट्रेडर्स एसोसिएशन कोटा तथा हाड़ौती कोटा स्टोन इंडस्ट्रीज जैसे प्रमुख संगठनों की सक्रिय और उत्साहजनक भागीदारी रही। कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने परियोजना की सूक्ष्म संरचना, विश्वस्तरीय सुविधाओं और इसकी रणनीतिक भौगोलिक स्थिति की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे निवेश के लिए सबसे अनुकूल गंतव्य बताया।
निदेशक बी.डी. मूंदड़ा एवं अनिल मूंदड़ा ने इसे युवा उद्यमियों के लिए एक ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ करार देते हुए स्पष्ट किया कि अर्बना टेक्नोपार्क का लक्ष्य केवल औद्योगिक भूखंडों के क्रय-विक्रय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उद्योगों के समग्र विकास हेतु एक संपूर्ण इकोसिस्टम प्रदान करने की प्रतिबद्धता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना कोटा को उसकी पुरानी औद्योगिक पहचान वापस दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी। अनिल मूंदड़ा ने भावुकता और संकल्प के साथ कहा कि अर्बना टेक्नोपार्क केवल एक औद्योगिक पार्क नहीं है, बल्कि कोटा द्वारा पुनः ‘औद्योगिक नगरी’ का ताज पहनने की दिशा में पहली महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे उद्यमियों को केवल जमीन नहीं बेच रहे, बल्कि एक उद्यमी के सपने को साकार करने में सक्रिय भागीदार की भूमिका निभा रहे हैं।
विशेषज्ञों के मार्गदर्शन सत्र में जयपुर से आए विशेषज्ञों ने नए उद्योग स्थापित करने की जटिल प्रक्रियाओं, भविष्य की संभावनाओं और अनिवार्य औपचारिकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने तकनीकी, वित्तीय और प्रबंधकीय बारीकियों को सरल भाषा में समझाते हुए उद्यमियों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी कंसल्टेंसी और मार्गदर्शन की सेवाएं निरंतर उपलब्ध रहेंगी, जिससे उभरते और स्थापित दोनों प्रकार के उद्यमियों को एक मजबूत आधार मिल सके।
परियोजना की उपयोगिता और बाजार में इसके प्रभाव को आंकड़ों के माध्यम से स्पष्ट करते हुए भारत एलएलपी के कुणाल गुप्ता एवं सहज पोद्दार ने बताया कि प्रथम चरण में २,२९,००० वर्गमीटर का विशाल औद्योगिक एवं वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है। ५०० से २०,००० वर्गमीटर तक के भूखंडों की उपलब्धता के कारण यह नए और बड़े दोनों प्रकार के उद्योगों के लिए सुलभ है। विशेष बात यह है कि आधिकारिक शुभारंभ से पूर्व ही ७०,००० वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र की बिक्री हो चुकी है, जो इसकी आवश्यकता और लोकप्रियता को सिद्ध करता है। यह परियोजना पूर्णतः रेरा (RERA) पंजीकृत है और कोटा कलेक्टर द्वारा इसका लेआउट प्लान अनुमोदित है। साथ ही, निवेशकों को राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) के तहत विशेष सरकारी लाभ प्राप्त होंगे। प्रोजेक्ट के सेल्स एवं मार्केटिंग पार्टनर भारत लैंडमार्क रियल्टी एलएलपी के संचालन का कार्य कुणाल गुप्ता एवं सहज पोद्दार के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है।
परियोजना की विशिष्टताओं पर प्रकाश डालते हुए पवन मूंदड़ा ने बताया कि अर्बना टेक्नोपार्क एनएच-५२ पर मंडाना टोल प्लाजा के समीप, कोटा-झालावाड़ हाईवे पर शहर से महज २२ किमी की दूरी पर स्थित है। यह क्षेत्र का पहला रेडी-टू-यूज़ इंडस्ट्रियल लैंड है जहाँ बिजली, पानी, चौड़ी सड़कें, पाइपलाइन और सटीक सीमांकन जैसी मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाएं पहले से विकसित हैं। एमएसएमई से लेकर बड़े उद्योगों तक के लिए यह स्थान पूर्णतः उपयुक्त है।
क्षेत्र के वरिष्ठ उद्यमियों ने भी इस पहल का पुरजोर समर्थन किया है। दी एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल ने कहा कि यह परियोजना औद्योगिक निवेश को नई गति देकर रोजगार के व्यापक अवसर सृजित करेगी। संभागीय होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अशोक माहेश्वरी ने इसे एमएसएमई सेक्टर के लिए व्यवस्थित भूमि उपलब्धता का बड़ा अवसर बताया। वहीं लघु उद्योग भारती कोटा इकाई के अध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने लोकेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी लाभों के तालमेल को निवेश के लिए आदर्श बताया। अर्बना टेक्नोपार्क का यह शुभारंभ कोटा के औद्योगिक परिदृश्य में एक क्रांतिकारी बदलाव का सूत्रपात है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
