कोटा में अर्बना टेक्नोपार्क का उद्घाटन: राजस्थान का पहला निजी औद्योगिक पार्क
18 अप्रैल को कोटा के मंडाना में अर्बना टेक्नोपार्क का भव्य शुभारंभ हुआ, जो एमएसएमई और युवा उद्यमियों के लिए 2.29 लाख वर्गमीटर में फैला एक आधुनिक इकोसिस्टम है।

कोटा के मंडाना स्थित अर्बना टेक्नोपार्क के उद्घाटन समारोह में (बाएं से दाएं) अतिथि और उद्यमी राजेश बिरला, बी.डी. मूंदड़ा, गोविंद राम मित्तल, क्रांति जैन और अन्य गणमान्य नागरिक मंच पर उपस्थित।
कोटा। राजस्थान की शैक्षणिक और पर्यटन नगरी कोटा ने औद्योगिक विकास के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ते हुए अपने पहले निजी औद्योगिक पार्क 'अर्बना टेक्नोपार्क' का भव्य आगाज किया है। 18 अप्रैल 2026 को आयोजित इस गरिमामयी शुभारंभ समारोह में हजारों की संख्या में विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, दिग्गज उद्योगपति, युवा उद्यमी, जनप्रतिनिधि और समाज सेवी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर अखिल भारतीय माहेश्वरी समाज एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश बिरला, दी एस एस आई एसोसियेशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल, कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (कोटा डिवीजन) के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, मोशन के निदेशक नितिन विजय, प्रसिद्ध बिल्डर दीपक राजवंशी और जनप्रतिनिधि पंकज मेहता सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने इस परियोजना को कोटा के भविष्य के लिए एक निर्णायक पहल करार दिया।
परियोजना के निदेशक बी.डी. मूंदड़ा और अनिल मूंदड़ा ने विजन स्पष्ट करते हुए कहा कि अर्बना टेक्नोपार्क केवल औद्योगिक भूखंड बेचने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उद्यमियों का सपना साकार करने में एक सक्रिय भागीदार की भूमिका निभाएगा। अनिल मूंदड़ा ने आत्मविश्वास के साथ घोषणा की कि कोटा एक बार फिर औद्योगिक नगरी का ताज पहनेगा और अर्बना टेक्नोपार्क उस ताज की पहली कड़ी साबित होगा। उन्होंने इसे युवा उद्यमियों के लिए एक 'ड्रीम प्रोजेक्ट' बताया, जो उद्योगों के समग्र विकास हेतु आवश्यक इकोसिस्टम प्रदान करेगा। कार्यक्रम में दी एस एस एस आई एसोसिएशन, कोटा व्यापार महासंघ, लघु उद्योग भारती, होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा मोटर्स डीलर्स एसोसिएशन, ऑल इंडिया ट्रेडर्स एसोसिएशन और कोटा हाडोती कोटा स्टोन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन जैसे प्रमुख संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही।
राजेश बिरला ने इस अवसर पर कहा कि कोटा अब शिक्षा और पर्यटन के साथ पुनः औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है, जहाँ सरल प्रक्रिया के तहत भूखंड और समस्त सुविधाएं उपलब्ध होने से युवा पीढ़ी को प्रोत्साहन मिलेगा। अशोक माहेश्वरी ने तकनीकी पक्ष पर प्रकाश डालते हुए बताया कि निजी औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहाँ उद्यमियों को बिना किसी सरकारी बाधा के 'फ्री लैंड' के तहत भूखंड मिलेंगे। मुकुंदरा अभ्यारण्य के समीप और 8-लेन सड़क से जुड़े होने के कारण यहाँ होटल उद्योग के लिए भी अपार संभावनाएं हैं। गोविंद राम मित्तल ने कहा कि लंबे समय से तैयार औद्योगिक भूमि के अभाव को इस प्रोजेक्ट ने दूर किया है, जो विशेषकर एमएसएमई सेक्टर के लिए निवेश का आदर्श अवसर है। समारोह में जयपुर से आए विशेषज्ञों ने उद्यमियों को तकनीकी, वित्तीय और प्रबंधकीय मार्गदर्शन दिया और भविष्य में निरंतर कंसल्टेंसी सेवाएं देने का आश्वासन दिया।
भारत लैंडमार्क रियल्टी एलएलपी के कुणाल गुप्ता एवं सहज पोद्वार ने तकनीकी विवरण साझा करते हुए बताया कि प्रथम चरण में 2,29,000 वर्गमीटर का औद्योगिक एवं वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है, जहाँ 500 से 20,000 वर्गमीटर तक के भूखंड उपलब्ध हैं। उल्लेखनीय है कि शुभारंभ से पूर्व ही 70,000 वर्गमीटर से अधिक की बिक्री हो चुकी है, जो इसकी उपयोगिता को प्रमाणित करती है। यह परियोजना रेरा (RERA) पंजीकृत है और इसका ले-आउट प्लान जिला कलेक्टर द्वारा अनुमोदित है। निवेशकों को राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) के तहत विशेष सरकारी लाभ प्राप्त होंगे। पवन मुंदड़ा ने जानकारी दी कि NH-52 पर मंडाना टोल प्लाजा के पास स्थित यह 'रेडी-टू-यूज़' लैंड बिजली, पानी और सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर से सुसज्जित है। शुभारंभ के दौरान कोटा और जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों से आए उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण कर इसकी आधुनिक सुविधाओं की सराहना की।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
