कोटा, 03 दिसंबर। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय "विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी" का आज भव्य समापन हुआ। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन 1 दिसंबर से आरंभ होकर 3 दिसंबर तक चला, जिसमें भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा के कुलगुरु प्रो. बीएल वर्मा रहे।

तीन दिन तक चली इस प्रदर्शनी ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और खगोल विज्ञान के क्षेत्र में रुचि रखने वाले हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों को आकर्षित किया। प्रदर्शनी के दौरान भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने इंटरैक्टिव स्टॉल्स, मॉडलों और तकनीकी प्रदर्शनों के माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान का जीवंत अनुभव प्राप्त किया और अपनी जिज्ञासा का समाधान किया। इस अवसर पर आरटीयू के प्लेसमेंट एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. मनीष चतुर्वेदी, डॉ. भुवनेश शर्मा, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एसपी व्यास और नेहा गौड़ मिश्रा सहित अनेक वैज्ञानिक और शिक्षाविद उपस्थित रहे।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. बीएल वर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शनी युवा पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे भविष्य में अंतरिक्ष अनुसंधान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और नवाचार के क्षेत्र में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अग्रणी बन चुका है और युवाओं की रचनात्मकता एवं जिज्ञासा ही देश की वैज्ञानिक शक्ति का आधार है।

कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल ज्ञान को बढ़ाते हैं बल्कि नवाचार और शोध की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए और भविष्य में प्रदर्शनी को अंतरराष्ट्रीय सहयोग और उन्नत तकनीकी प्रदर्शनों के साथ और भी व्यापक रूप में आयोजित किया जाएगा।

इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति उत्साह और नवाचार की जिज्ञासा को प्रबल किया है, जो न केवल व्यक्तिगत विकास बल्कि समाज और राष्ट्र के वैज्ञानिक प्रगति में भी सहायक साबित होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story