कोटा। हाड़ौती की धरती पर 9 नवम्बर को भक्ति, संस्कृति और ब्राह्मण एकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जब हाड़ौती सर्व ब्राह्मण समाज अन्नकूट महोत्सव समिति, कोटा के तत्वावधान में द्वितीय विशाल अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। भगवान परशुराम के आशीर्वाद से आयोजित यह समारोह सीएडी ग्राउंड, आयकर विभाग कॉलोनी के पास दादाबाड़ी रोड पर संपन्न होगा, जिसमें हाड़ौती संभाग के चारों जिलों — कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ — से करीब दस हजार ब्राह्मण बंधु भाग लेंगे।

समिति अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक भगवती शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता करेंगे, जबकि रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला विशेष सान्निध्य प्रदान करेंगे। समारोह में कोटा के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, आईएएस, आईपीएस और आरएएस अधिकारी भी भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं और समिति द्वारा घर-घर जाकर आमंत्रण दिए जा रहे हैं ताकि समाज का प्रत्येक सदस्य इस भव्य उत्सव का हिस्सा बन सके।

भगवती शर्मा ने बताया कि आयोजन स्थल पर लगभग 90,000 वर्ग फीट क्षेत्रफल में 300x300 का विशाल पंडाल और 120x22 फीट का भव्य मंच तैयार किया जा रहा है, जहां से धार्मिक, सांस्कृतिक और सम्मान समारोहों की श्रृंखला चलेगी। कार्यक्रम में अनेक संत-महंतों का सान्निध्य प्राप्त होगा, जिनमें बनखंडी बालाजी के महंत सत्यप्रकाश जी, कामखेड़ा बालाजी के महंत रोहित नागर जी, कथा वाचक अनिल दीक्षित जी, बालक दास जी महाराज, गोदावरी धाम के बाबा शैलेंद्र भार्गव जी, रामधाम के बाबा लक्ष्मण दास जी, मोजी बाबा गुफा की साध्वी मां हेमा सरस्वती जी तथा अन्य प्रतिष्ठित संत शामिल होंगे।

आयोजन में दिल्ली का प्रसिद्ध चिराग ग्रुप महारास, भगवान परशुराम, राधा-कृष्ण, हनुमान जी और माताजी की भव्य झांकियों व नृत्य-नाटिकाओं की मनमोहक प्रस्तुति देगा। रात्रि 8 बजे से प्रारंभ होने वाली महारास विशेष आकर्षण का केंद्र होगी, जो भक्ति और संगीत से वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग देगी। साथ ही कार्यक्रम में हाड़ौती क्षेत्र के शिक्षा, खेल, चिकित्सा और प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा, जबकि समाज के सक्रिय सदस्यों को परसा वितरण किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे गणेश पूजन और गणेश वंदना से होगी। इसके बाद अतिथियों का स्वागत-सत्कार और भगवान परशुराम की सामूहिक स्तुति के साथ परशुराम चालीसा का पाठ किया जाएगा। शाम 6:30 बजे 108 दीपों से भगवान परशुराम की आरती का आयोजन होगा, जिसमें हजारों ब्राह्मण बंधु एक साथ आराध्य देव की आरती में सम्मिलित होंगे। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का संबोधन और शाम 7 बजे महाप्रसादी का आरंभ होगा।

रात्रि के समय मंच पर भक्ति संगीत और सांस्कृतिक रंगों से सजा भजन संध्या का आयोजन होगा, जहां चिराग ग्रुप की झांकियां, भजन और नृत्य प्रस्तुति कार्यक्रम की शान बढ़ाएंगी। यह आयोजन न केवल ब्राह्मण समाज के एकता, संस्कृति और गौरव का प्रतीक बनेगा, बल्कि हाड़ौती की धरती पर भक्ति और समरसता का संदेश भी फैलाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story