कोटा, 22 दिसंबर।

परम पूज्य पर्यावरण संरक्षक एवं तपोभूमि प्रणेता आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर महाराज के पावन सानिध्य में कोटा से स्वास्तिधाम जहाजपुर तक निकली जिनधर्म प्रभावना पदयात्रा ने धार्मिक आस्था, सामाजिक समर्पण और पर्यावरण चेतना का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। यह पदयात्रा न केवल जिनशासन की प्रभावना का सशक्त माध्यम बनी, बल्कि हरित क्रांति का प्रेरक संदेश भी जन-जन तक पहुंचाने में सफल रही।

लगभग पांच किलोमीटर की इस भव्य पदयात्रा का मुख्य संयोजन मिथुन मित्तल के नेतृत्व में किया गया, जिसे प्रतिभागियों ने अविस्मरणीय अनुभव बताया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का कहना रहा कि गुरु कृपा के प्रभाव से लंबी दूरी पैदल तय करने के बावजूद थकान का आभास तक नहीं हुआ। भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण में भक्त नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे और पूरा मार्ग आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया।

पदयात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत द्वार, तोरण और अलौकिक आगवानी की गई, जिसने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। कस्बों और मार्गों पर उमड़े श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इसे एक कीर्तिमान समान बना दिया। गुरु मां भी संघ सहित इस पदयात्रा में सम्मिलित रहीं, जिससे यात्रा की गरिमा और आध्यात्मिक प्रभाव और अधिक बढ़ गया।

श्रद्धालुओं ने संयोजक मिथुन मित्तल एवं उनकी टीम की तन, मन और धन से की गई सेवा, निष्ठा और विनम्रता की मुक्त कंठ से सराहना की। उनका कहना था कि ऐसे समर्पित युवाओं की समाज को आज विशेष आवश्यकता है, जो धर्म, सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ा सकें।

पूरी पदयात्रा के दौरान भक्ति में झूमते श्रद्धालुओं और अनुशासित व्यवस्थाओं को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो साक्षात समवसरण का दिव्य दृश्य साकार हो उठा हो। इस पावन अवसर पर गुरु के साथ चलने और भक्ति करने का सौभाग्य जिन श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ, उन्होंने स्वयं को पुण्यशाली और सौभाग्यवान बताया।

जिनधर्म प्रभावना पदयात्रा ने कोटा से स्वास्तिधाम तक आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देकर यह सिद्ध किया कि आस्था जब सेवा और प्रकृति संरक्षण से जुड़ती है, तो उसका प्रभाव दूरगामी और प्रेरणादायी होता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story