कोटा के आसमान में घुलेगा गुजरात का रंग: 11 जनवरी को उम्मेद क्लब में सजेगा भव्य 'उड़ान काईट कार्निवल'
कोटा में पहली बार गुजरात की तर्ज पर भव्य 'उड़ान काईट कार्निवल' का आयोजन 11 जनवरी को उम्मेद क्लब स्टेडियम में होगा। अग्र-आरोही अग्रवाल महिला मंच और उम्मेद क्लब द्वारा आयोजित इस उत्सव में ड्रैगन, थ्रीडी और लाइटिंग पतंगों के साथ लाइव बैंड और गरबा की धूम मचेगी। शिक्षा नगरी के आसमान में 'काई पो छे' के जयघोष के साथ पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने का यह एक अनोखा प्रयास है।

कोटा। शिक्षा की नगरी कोटा अब एक नए सांस्कृतिक रंग में सराबोर होने के लिए तैयार है। गुजरात के अहमदाबाद और सूरत की विश्वप्रसिद्ध पतंगबाजी की तर्ज पर आगामी 11 जनवरी को कोटा का आसमान सतरंगी पतंगों से गुलजार होगा। अग्र-आरोही अग्रवाल महिला मंच और श्री उम्मेद क्लब के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाला यह 'उड़ान काईट कार्निवल' शहर के इतिहास में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की पतंगबाजी का अनुभव लेकर आ रहा है। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का साधन बनेगा, बल्कि कोटा की सांस्कृतिक पहचान में एक स्वर्णिम अध्याय भी जोड़ेगा, जहाँ 'काई पो छे' की गूँज के साथ उत्सव का उत्साह चरम पर होगा।
अग्र-आरोही अग्रवाल महिला मंच की अध्यक्ष पूजा मित्तल के अनुसार, इस महोत्सव की परिकल्पना गुजरात के अंतरराष्ट्रीय काईट फेस्टिवल को ध्यान में रखकर की गई है। इस भव्य आयोजन का मुख्य केंद्र उम्मेद क्लब स्टेडियम होगा, जहाँ सुबह से ही पतंगबाजों का जमावड़ा शुरू हो जाएगा। महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यहाँ उड़ने वाली अनोखी पतंगें होंगी। कोषाध्यक्ष सारिका मित्तल ने जानकारी दी कि कोटावासी पहली बार आसमान में विशालकाय ड्रैगन शेप, अत्याधुनिक थ्रीडी डिजाइन, चमकती लाइटिंग वाली पतंगें और पारंपरिक गुजराती पतंगों का करतब देखेंगे, जो अब तक केवल बड़े महानगरों या टीवी स्क्रीन तक ही सीमित थे।
आयोजन के पीछे के गंभीर उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए अग्र-आरोही संरक्षिका शिखा गुप्ता ने बताया कि आज के डिजिटल युग में, जहाँ नई पीढ़ी मोबाइल और स्क्रीन की दुनिया में सिमट कर रह गई है, यह महोत्सव बच्चों को खुले आसमान के नीचे पारंपरिक भारतीय खेलों से जोड़ने का एक प्रयास है। प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर शालू अग्रवाल और सचिव निक्की अग्रवाल ने बताया कि उम्मेद क्लब स्टेडियम में माहौल को उत्सवमय बनाने के लिए केवल पतंगबाजी ही नहीं, बल्कि लाइव बैंड की प्रस्तुति, गरबा की पारंपरिक धुनें और ढोल-नगाड़ों की थाप भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
प्रशासनिक और प्रबंधकीय तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए उम्मेद क्लब के सचिव लोकेन्द्र सिंह राजावत और कार्यकारिणी सदस्य गगन जैन ने बताया कि सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहरवासियों के उत्साह को देखते हुए यहाँ विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। साथ ही, पतंगबाजों के उत्साहवर्धन के लिए हर एक घंटे में लकी ड्रॉ निकाला जाएगा, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। 11 जनवरी को होने वाला यह अनूठा संगम कोटा को पर्यटन और सांस्कृतिक मानचित्र पर एक नई ऊंचाई प्रदान करने का सामर्थ्य रखता है, जिसकी प्रतीक्षा संपूर्ण शहरवासी उत्सुकता से कर रहे हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
