कोटा में उमड़ेगा केटरिंग जगत का सैलाब: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी में आज होगा हाड़ौती हलवाई केटरर्स एसोसिएशन का भव्य शपथ ग्रहण और 'कन्वेंशन-2026'
कोटा के द करणी पैलेस में आज हाड़ौती हलवाई केटरर्स एसोसिएशन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह और 'कन्वेंशन-2026' आयोजित होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस कार्यक्रम में 70 स्टॉल्स के साथ विशाल प्रदर्शनी लगेगी, जहाँ देशभर के वेंडर्स नई तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। ढाई हजार से अधिक व्यवसायी परिवारों के साथ इस महासंगम का हिस्सा बनेंगे।

कोटा। हाड़ौती की पावन धरा और शिक्षा नगरी कोटा के व्यावसायिक इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। हाड़ौती हलवाई केटरर्स एसोसिएशन कोटा के तत्वावधान में आज, 8 जनवरी को मानपुरा बारां रोड स्थित 'द करणी पैलेस' में नववर्ष, दीपावली मिलन और संगठन के नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन न केवल परंपराओं का संगम होगा, बल्कि 'कन्वेंशन-2026' के माध्यम से केटरिंग और हलवाई व्यवसाय को आधुनिकता के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने का एक सशक्त प्रयास भी है।
आज प्रातः 11 बजे से आयोजित होने वाले इस गरिमामयी शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला, कोटा उत्तर विधायक शांति धारीवाल, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक श्रीमती कल्पना देवी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती राखी गौतम की उपस्थिति कार्यक्रम को राजनीतिक और सामाजिक गहराई प्रदान करेगी। इसके साथ ही कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, महासचिव अशोक माहेश्वरी, होटल फेडरेशन के महामंत्री संदीप पाडिया, शहर भाजपा अध्यक्ष राकेश जैन, ऑल राजस्थान कैटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सेवानी, महामंत्री कमल गुर्जर और जयपुर हलवाई कल्याण समिति के अध्यक्ष बद्री मीणा भी इस अवसर पर मौजूद रहकर संगठन की नई टीम को जिम्मेदारी सौंपेंगे।
इस भव्य आयोजन का सबसे आकर्षक केंद्र 'कन्वेंशन-2026' के तहत आयोजित होने वाला व्यवसायिक मेला है। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली इस प्रदर्शनी में दिल्ली, इंदौर, अहमदाबाद, पंजाब, जयपुर और भीलवाड़ा जैसे शहरों से आए नामी वेंडर्स अपनी आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। 70 से अधिक स्टॉल्स पर केटरिंग उद्योग की नवीनतम मशीनरी, क्रॉकरी, कटलरी, फ्रोजन आइटम्स और उच्च गुणवत्ता वाले मसालों की झलक देखने को मिलेगी। यहाँ केवल उपकरणों का ही प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि पंजाबी, राजस्थानी, गुजराती और साउथ इंडियन डिशेज के विशेषज्ञ शेफ अपनी पाक कला का हुनर दिखाते हुए नए मेन्यू और प्रेजेंटेशन के तरीकों से स्थानीय व्यवसायियों को रूबरू कराएंगे। कोषाध्यक्ष विनय गुप्ता और सह सचिव रवि आहूजा के अनुसार, यह प्रदर्शनी हाड़ौती के हलवाई और केटर्स को वैश्विक मानकों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।
आयोजन की शाम सांस्कृतिक छटा से सराबोर होगी। वरिष्ठ अध्यक्ष अन्नू अग्रवाल ने जानकारी दी कि शाम को एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हाड़ौती संभाग के लगभग ढाई हजार हलवाई एवं केटरिंग व्यवसायी सपरिवार शिरकत करेंगे। इस संध्या के साक्षी जिला कलेक्टर पीयूष समारिया, एडीएम सिटी अनिल कुमार सिंघल और एसडीएम लाडपुरा गजेन्द्र सिंह बनेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन माहेश्वरी और महासचिव कमल गौतम ने विश्वास जताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ क्षेत्र के केटरिंग उद्योग को नई दिशा और तकनीकी विस्तार देगा।
इस ऐतिहासिक क्षण की सफलता सुनिश्चित करने के लिए संरक्षक त्रिलोक पाठक, रमेश अरोड़ा, अरूण अग्रवाल, घनश्याम वैष्णव, पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बघेल, उपाध्यक्ष लक्ष्मीचंद प्रजापति, आशीष माहेश्वरी, विनोद पाटनी, रामबिलास बाजड़, सुनील पोरवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ललित शर्मा, संयुक्त मंत्री कैलाश श्रृंगी, कार्यकारिणी सदस्य अंकुर मंत्री, सुनील पोटर, सतीश मेरोठा, घनश्याम शर्मा सहित एसोसिएशन के तमाम पदाधिकारी दिन-रात जुटे हुए हैं। यह समारोह कोटा के व्यापारिक जगत में एकता और नवाचार का एक ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करेगा, जो भविष्य में इस उद्योग की नई इबारत लिखेगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
