कोटा, 18 दिसंबर। इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस (आईबीसी) की 202वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक आज सार्वजनिक निर्माण विभाग के सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता आईबीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिन्मय देवनाथ ने की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आईबीसी की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा और संगठन की आगामी रणनीतियों पर चर्चा करना था। बैठक में 2 नवंबर को शिमला में आयोजित 201वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक में लिए गए निर्णयों का अनुमोदन किया गया। इसके साथ ही, पूर्व में आयोजित ऑनलाइन बैठकों में लिए गए निर्णयों और लंबित विषयों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में आईबीसी की तकनीकी समितियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संगठन की सदस्यता विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया। नए सदस्यों को लाइफ मेंबरशिप देने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया और सभी सदस्यों को सक्रिय रूप से सदस्यता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, स्टेट चैप्टर्स द्वारा आईबीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित गतिविधियों की समीक्षा भी की गई।

गवर्निंग काउंसिल एवं एक्जिक्यूटिव काउंसिल की बैठकों में पदाधिकारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। साथ ही, गवर्निंग काउंसिल में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। बैठक में विगत दो तिमाहियों की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और उत्कृष्ट कार्य करने वाले चैप्टर्स को बेस्ट चैप्टर अवार्ड प्रदान करने पर विचार किया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में आईबीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिन्मय देवनाथ, राष्ट्रीय फाउंडर अध्यक्ष ओ. पी. गोयल, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप मित्तल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी. बी. त्रिपाठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मयंक मित्तल, एम. नागराज, राष्ट्रीय सचिव कर्नल आनंद, एक्जिक्यूटिव काउंसिल के सदस्य सुरेश कुमार बैरवा, आर. के. मजूमदार, सत्य नारायण मेंडू, एस. डी. चांदसुरे, कल्पना हरजाई तथा एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर आई. एस. सिद्धू सहित आईबीसी मुख्यालय, नई दिल्ली का स्टाफ उपस्थित रहा।

बैठक के समापन पर राष्ट्रीय सचिव कर्नल आनंद ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। यह बैठक आईबीसी की रणनीतिक दिशा, तकनीकी प्रगति और सदस्यता विस्तार के लिए निर्णायक भूमिका निभाती है, जिससे संगठन की मजबूती और राष्ट्रीय स्तर पर प्रभाव बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story