इंटरनेशनल थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर कोटा ब्लड बैंक सोसायटी द्वारा थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष उत्साहवर्धक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति उत्साह का संचार करना रहा। आयोजन में बच्चों और उनके परिजनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने माहौल को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।

कोटा ब्लड बैंक सोसायटी के सचिव राजकुमार जैन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए नाइन पिंस, पासिंग द बॉल्स और बैलेंसिंग द बॉल्स जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इसके साथ ही बच्चों ने आकर्षक इमोजी आर्ट तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में रोशनी ने पासिंग द बॉल्स, राम लखन ने नाइन पिंस और भाग्यश्री ने बैलेंसिंग द बॉल्स प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता बच्चों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आयोजन के दौरान थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों और उनके परिजनों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण आनंद, भावनाओं और उत्साह से भर उठा। उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की।

इस अवसर पर डॉ. सी. बी. दास गुप्ता और डॉ. अविनाश बंसल ने थैलेसीमिया की रोकथाम, समय पर जांच और बच्चों को बेहतर एवं स्वस्थ जीवन प्रदान करने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समाज में इस बीमारी के प्रति व्यापक जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान की दीदियों ने बच्चों और अभिभावकों को मेडिटेशन करवाया, जिससे उपस्थित परिवारों को मानसिक शांति और सकारात्मकता का अनुभव हुआ। मैडम लता कोठारी ने बच्चों के लिए अल्पाहार और आकर्षक उपहारों की व्यवस्था की।

कार्यक्रम के अंत में थैलेसीमिया सोसायटी के अध्यक्ष सुनील जैन और कोटा ब्लड बैंक के सचिव राजकुमार जैन ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और उपस्थित परिवारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. जे. के. सिंघवी, प्रेम बठला और पूर्व अध्यक्ष मंजू कासलीवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

थैलेसीमिया से जूझ रहे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और आत्मविश्वास लाने वाला यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि जागरूकता, सकारात्मकता और सामाजिक सहयोग का सशक्त संदेश भी देकर गया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story