कोटा, 13 दिसंबर। बदलते तकनीकी युग में कर विशेषज्ञों को आधुनिक आवश्यकताओं से जोड़ने की दिशा में टैक्स बार एसोसिएशन, कोटा ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया। शहर के एक निजी होटल में आयोजित इस कार्यशाला में एआई के व्यावहारिक उपयोगों पर गहन मंथन और प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से सदस्यों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया गया।

कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए विष्णु गर्ग ने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में एआई केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि पेशेवर जीवन का अनिवार्य हिस्सा बन चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स बार एसोसिएशन का उद्देश्य अपने सदस्यों को नवीनतम तकनीकी विकास से निरंतर अपडेट रखना है, ताकि वे तेजी से बदलते कानून, कर प्रणाली और कार्यशैली के अनुरूप स्वयं को सक्षम बना सकें।

संस्था के सचिव सीए प्रकाश चौधरी ने बताया कि इस दो दिवसीय कार्यशाला का संचालन एआई विशेषज्ञ सौरभ माहेश्वरी द्वारा किया गया। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान एआई से जुड़े विभिन्न आधुनिक टूल्स, उनके व्यावहारिक अनुप्रयोग, डेटा विश्लेषण, समय प्रबंधन और पेशेवर कार्यों में दक्षता बढ़ाने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने सत्रों को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।

कार्यक्रम का संचालन सीए रोहित पाटोदी एवं सीए प्रतीक बाबेल ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि कार्यशाला के समन्वय में सीए मोहन गोयल एवं सीए सिद्धार्थ जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में टैक्स पेशेवरों की सहभागिता ने इस आयोजन को और भी प्रभावशाली बना दिया।

कार्यशाला का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस न केवल कार्य की गति और गुणवत्ता को बढ़ाता है, बल्कि कर पेशेवरों को भविष्य के डिजिटल युग में प्रतिस्पर्धी बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। टैक्स बार एसोसिएशन की यह पहल कर जगत में तकनीकी जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story