मिले स्वेटर, खिले चेहरे: लायंस क्लब कोटा टेक्नो ने जरूरतमंद बच्चों को दी सर्दी से राहत
कोटा के दौलतगंज स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में लायंस क्लब कोटा टेक्नो ने 300 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित कर सर्दी से राहत दी। कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व, मोबाइल उपयोग के दुष्प्रभाव और सामाजिक जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन में क्लब के पदाधिकारियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

कोटा। सर्द हवाओं के बीच दौलतगंज स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय का माहौल मंगलवार को उस समय खिल उठा, जब लायंस क्लब कोटा टेक्नो की ओर से विद्यालय के बच्चों को स्वेटर बांटकर उन्हें ठंड से बचाव की अनमोल सौगात दी गई। मानवीय संवेदनाओं से भरपूर इस कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब की अध्यक्ष डॉ. क्षिप्रा गुप्ता और सचिव सिद्धार्थ गुप्ता ने किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि पढ़ाई ही वह मजबूत सीढ़ी है, जो वर्तमान समय में हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग खोलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया और उज्जवल भविष्य के निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर जोर दिया।
इस अवसर पर जोन चेयरमैन ए.के. गुप्ता, निदेशक भुवनेश गुप्ता, सुशील मोदी, रजनी गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष निधि गुप्ता और रेणु गुप्ता भी मौजूद रहे। ए.के. गुप्ता ने कहा कि स्वयंसेवी संगठनों को आगे बढ़कर विद्यालयों में सहयोग करना चाहिए, ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
निदेशक सुशील मोदी ने इस आयोजन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि भविष्य में भी क्लब अन्य संस्थाओं में बच्चों की सहायता के लिए निशुल्क संसाधन उपलब्ध कराता रहेगा। रजनी गुप्ता ने विद्यालयों में भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। प्रवक्ता भुवनेश गुप्ता ने कहा कि समाज का नैतिक दायित्व है कि वह युवाओं और बच्चों को उनकी जरूरतों के अनुसार संसाधन उपलब्ध कराए, क्योंकि वही देश का भविष्य हैं।
इस आयोजन में मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग पर चिंता भी व्यक्त की गई। पूर्व अध्यक्ष रेणु गुप्ता और निधि गुप्ता ने कहा कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग बच्चों के मानसिक विकास को प्रभावित कर रहा है, इसलिए अभिभावकों और शिक्षकों को इस दिशा में विशेष ध्यान देना चाहिए।
मोदी लॉ कॉलेज की देवराज सिंह, चेतन बेनीवाल और सबरीना अंसारी ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। सादगी से भरा यह आयोजन न केवल बच्चों की सर्दी कम करने का माध्यम बना, बल्कि समाज में शिक्षा और जिम्मेदारी की अलख भी जगाता हुआ नजर आया।
- लायंस क्लब कोटा टेक्नोस्वेटर वितरण कोटाराजकीय माध्यमिक विद्यालय दौलतगंजशिक्षा जागरूकता कोटाबच्चों को स्वेटर वितरणकोटा सामाजिक कार्यक्रमडॉ क्षिप्रा गुप्ता कोटाए.के. गुप्ता लायंस क्लबMobile misuse awarenessLions Club Kota Techno eventsweater distribution Kotastudent welfare KotaRajasthan school newsKota community service

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
