मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर कोटा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, सुनील बंसल बोले— विकसित भारत का संकल्प ही नए युग की आधारशिला
कोटा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल के सघन दौरे ने विकसित भारत के संकल्प को नई गति दी। मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर हुए मंथन में कई महत्वपूर्ण संदेश सामने आए।

कोटा के एलन सत्यार्थ भवन में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के दौरान मंच पर मौजूद भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और अन्य पार्टी पदाधिकारी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल का मंगलवार को कोटा में सघन दौरा संपन्न हुआ। दिनभर चले विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान उन्होंने विकसित भारत के संकल्प, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और आगामी राष्ट्रीय लक्ष्यों को लेकर कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद किया।
कोटा जंक्शन पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल का स्वागत किया। जिला अध्यक्ष राकेश जैन के नेतृत्व में रेलवे कॉलोनी मंडल ने स्टेशन पर उनका अभिनंदन किया, जबकि शहर के विभिन्न स्थानों पर भी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। महाराव भीम सिंह चिकित्सालय पहुंचने पर नयापुरा मंडल के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
दौरे के दौरान सुनील बंसल ने महाराव भीम सिंह चिकित्सालय में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, राजस्थान रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी तथा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित किया तथा पत्रकार वार्ता में भाग लिया। घर-घर संपर्क अभियान के अंतर्गत उन्होंने उद्यमियों, व्यापारियों और लोकतंत्र सेनानियों के निवास पर पहुंचकर संवाद किया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले बंगाली परिवारों एवं उड़िया समाज के लोगों से भी उन्होंने मुलाकात की। बंगाली बस्ती में कोटा से पश्चिम बंगाल चुनाव अभियान में शामिल रहे परिवारों ने उनका अभिनंदन किया।
दौरे का प्रमुख आकर्षण एलन सत्यार्थ भवन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ रहा, जहां सुनील बंसल ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख किया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश बिरला, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, जिला प्रभारी अजीत मेहता, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन में उपस्थित लोगों को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए सुनील बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि विकास केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के जीवन में समृद्धि, आत्मविश्वास और सम्मान सुनिश्चित करना है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक के दौर में भारत ने विश्वास, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए जनविश्वास को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ और नए संसद भवन जैसे प्रयासों ने राष्ट्रीय गौरव को नई ऊर्जा प्रदान की है।
बंसल ने आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क तेजी से बढ़ा है, ग्रामीण सड़कों का व्यापक निर्माण हुआ है और चिनाब ब्रिज, अटल टनल तथा पंबन ब्रिज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की गई हैं। रेलवे विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तथा हवाई अड्डों की संख्या में वृद्धि से देश की कनेक्टिविटी को नई गति मिली है।
उन्होंने कृषि, ग्रामीण विकास, डिजिटल अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि सिंचाई योजना, जनधन योजना, डिजिटल भुगतान प्रणाली, यूपीआई, पीएलआई योजना, स्टार्टअप इकोसिस्टम और रक्षा उत्पादन जैसे प्रयासों को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
जनकल्याण योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), मुफ्त राशन योजना, मुद्रा योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है। महिलाओं के सशक्तिकरण और गरीब कल्याण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए उन्होंने इन योजनाओं के व्यापक प्रभाव का उल्लेख किया।
राजस्थान रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने भी केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और सरकारी योजनाओं से हुए बदलावों का उल्लेख किया।
सम्मेलन के समापन पर भाजपा नेताओं ने विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सुनील बंसल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियां केवल सरकारी योजनाओं का लेखा-जोखा नहीं हैं, बल्कि आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत की दिशा में जारी एक व्यापक राष्ट्रीय परिवर्तन की यात्रा का प्रतीक हैं। कार्यक्रम के बाद वे जयपुर के लिए रवाना हो गए।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
