खाटूश्यामजी/कोटा, 2 दिसंबर 2025: अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा 14 दिसंबर, रविवार को खाटूश्यामजी (जिला सीकर) स्थित श्री श्याम भक्त धर्मशाला, मंडा रोड पर प्रदेश स्तरीय प्रांतीय अधिवेशन का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण अधिवेशन प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा और इसके समापन के बाद सभी अतिथियों एवं आगंतुकों के लिए विशेष भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है।

अधिवेशन में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग, प्रदेश अध्यक्ष (पूर्वी राजस्थान) गिरीश कुमार गर्ग, प्रदेश महामंत्री (पूर्वी राजस्थान) सन्मति हरकारा, प्रदेश कोषाध्यक्ष (पूर्वी राजस्थान) राजेश कुमार गर्ग, महिला प्रदेशाध्यक्ष आरती गुप्ता, युवा प्रदेशाध्यक्ष नितिन अग्रवाल एवं प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र गर्ग प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इनके साथ कई वरिष्ठ सदस्य भी आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।

अधिवेशन में पिछली बैठक की पुष्टि के साथ अध्यक्षीय उद्बोधन के माध्यम से आगामी कार्ययोजना और रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन के स्वर्णिम महोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विशेष विमर्श होगा। समाज में राजनीति और सामाजिक भागीदारी को और सशक्त बनाने के लिए युवाओं और महिलाओं के सक्रिय योगदान पर भी विचार किया जाएगा।

कोटा से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि मंडल अधिवेशन में भाग लेंगे, जिनमें राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष हेमराज जिंदाल, प्रदेश (पूर्वी राजस्थान) वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कोटा जिला चेयरमैन रामगोपाल अग्रवाल, जिला महामंत्री रमेश चन्द्र गोयल और प्रदेश मीडिया प्रभारी परमानन्द गोयल सहित कई पदाधिकारी शामिल होंगे।

अधिवेशन में प्रदेश और संभागीय स्तर पर अग्रवाल सम्मेलनों के आगामी आयोजनों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों, तहसीलों और उपखंड मुख्यालयों पर भगवान अग्रसेन के नाम पर चौराहों के निर्माण और महत्वपूर्ण मार्गों को “अग्रसेन मार्ग” के रूप में नामकरण करने के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा, समाज की सांस्कृतिक एकजुटता को मजबूत करने हेतु जिला स्तर पर अग्रवाल कर्मचारियों के सक्रिय संगठन और अग्र भागवत एवं अग्र मंगल पाठ के नियमित आयोजन पर विशेष बल दिया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री (पूर्वी राजस्थान) सन्मति हरकारा ने बताया कि अधिवेशन की तैयारियों के लिए प्रदेशभर की टीमें उत्साह और समर्पण के साथ कार्यरत हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए स्वागत अध्यक्ष के रूप में अमित चिरयाना (जिला चेयरमैन, सीकर), जिलाध्यक्ष अनिल तोदी, महिला जिलाध्यक्ष किरण खैतान और युवा जिलाध्यक्ष लोकेश हजारिका को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वागत समिति में विष्णु भूत, लक्ष्मीकांत चूड़ीवाला, संदीप बजाज, मणिशंकर खैतान सहित अनेक सक्रिय सदस्य शामिल हैं, जो आयोजन को सफल और यादगार बनाने में जुटे हैं।

प्रदेश स्तरीय इस प्रांतीय अधिवेशन में प्रदेश सहित देश के विभिन्न भागों से प्रतिनिधि मंडलों के शामिल होने की संभावना है। अधिवेशन को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है और समाजजन इसकी सफलता की उम्मीद कर रहे हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story