बिजनेस सर्कल मेगा कॉन्क्लेव: कोटा में पोस्टर विमोचन के साथ नई व्यापारिक पहल
एसएसआई एसोसिएशन द्वारा 17 मई को आयोजित होने वाले इस कॉन्क्लेव में कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के 200 से अधिक उद्यमी नेटवर्किंग के लिए एक मंच पर जुटेंगे।

कोटा के एसएसआई भवन में आयोजित कार्यक्रम में एसएसआई एसोसिएशन, जीतो, आरएमबी और जेकॉम के पदाधिकारी "बिजनेस सर्कल - मेगा बिजनेस कॉन्क्लेव" का पोस्टर विमोचन करते हुए।
शहर में व्यापारिक नेटवर्किंग को नई दिशा देने की पहल के तहत एसएसआई एसोसिएशन कोटा द्वारा आयोजित “बिजनेस सर्कल – मेगा बिजनेस कॉन्क्लेव” के पोस्टर का भव्य विमोचन एसएसआई भवन, कोटा में किया गया। कार्यक्रम ने व्यापारिक जगत में उत्साह और संभावनाओं का माहौल निर्मित किया।
पोस्टर विमोचन अवसर पर एसएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता, जीतो चेयरमैन पंकज सेठी, आरएमबी चेयरमैन अक्षय गुप्ता, जेकॉम चेयरमैन पियूष विजय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को क्षेत्रीय व्यापारिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन कौशल बंसल ने बताया कि यह आयोजन शहर के 200 से अधिक गंभीर व्यवसायियों को एक मंच पर लाकर उन्हें नए अवसर, सहयोग एवं व्यापार विस्तार के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि यह कॉन्क्लेव उद्यमियों के बीच संवाद और सहभागिता को सशक्त बनाएगा।
प्रोजेक्ट वाइस चेयरमैन विभोर लोढ़ा ने कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस कॉन्क्लेव में संरचित नेटवर्किंग के माध्यम से प्रतिभागियों को एक-दूसरे से प्रभावी तरीके से जोड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आयोजन के जरिए कोटा के साथ-साथ बूंदी, बारां एवं झालावाड़ सहित आसपास के शहरों के उद्यमियों को भी नेटवर्किंग की इस नई अवधारणा को समझने और अपनाने का अवसर प्राप्त होगा।
एसएसआई एसोसिएशन के सचिव समीर सूद ने बताया कि इस आयोजन में एसएसआई एसोसिएशन कोटा मुख्य आयोजक की भूमिका निभा रहा है, जबकि जीतो, आरएमबी एवं जेसीओएम सहयोगी संस्थाओं के रूप में सहभागिता कर रहे हैं। कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने जानकारी दी कि यह मेगा बिजनेस कॉन्क्लेव 17 मई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में उद्यमियों के शामिल होने की संभावना है।
यह आयोजन क्षेत्रीय व्यापारिक नेटवर्किंग को सुदृढ़ करने के साथ उद्यमियों के बीच सहयोग और विस्तार के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
