कोटा शहर के संगीत प्रेमियों के लिए 3 मई को एक यादगार संगीतमय संध्या आयोजित होने जा रही है, जहां सदाबहार गीतों की गूंज के बीच सुरों की महफिल सजेगी। प्रतिभावान गायकों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सक्रिय संस्था सृजन द स्पार्क, कोटा के तत्वावधान में यह लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम रोड नंबर-1 स्थित सी.पी. ऑडिटोरियम में सायं 7:15 बजे से प्रारंभ होगा। संस्था के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि कॉन्सर्ट में सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका भाव्या पंडित एवं ‘के-किशोर कुमार’ फेम अनिल श्रीवास्तव अपनी प्रस्तुतियों से शाम को सुरमयी बनाएंगे। कार्यक्रम के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया, जिसमें सरंक्षक प्रेम भाटिया, सचिव संजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिमेष जैन, राजकुमार जैन, अमित बंसल, कोषाध्यक्ष विकास जैन अजमेरा तथा मनीष पाटनी एवं मनोज जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के लिए विवेक जैन एवं उत्सव बड़जात्या को प्रोजेक्ट डायरेक्टर बनाया गया है।

सचिव संजीव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भाव्या पंडित इंडियन आइडल सीजन-4 की टॉप-5 फाइनलिस्ट एवं फिल्मफेयर नॉमिनी रह चुकी हैं। वे देश-विदेश में अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेर चुकी हैं और 35 से अधिक देशों में 1000 से ज्यादा लाइव शो कर चुकी हैं। साथ ही वे सारेगामापा एवं सारेगामापा लिटिल चैंप्स में आठ सीजन तक ज्यूरी सदस्य रह चुकी हैं। कोषाध्यक्ष विकास जैन अजमेरा ने बताया कि उन्होंने प्रियंका चोपड़ा अभिनीत फिल्म ‘व्हाट्स योर राशी’ तथा अजय देवगन की ‘सन ऑफ सरदार’ में पार्श्वगायन किया है। वर्ष 2007 में उन्हें प्रदर्शन कला में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रपति द्वारा प्रतिष्ठित बालश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

उपाध्यक्ष अनिमेष जैन ने बताया कि अनिल श्रीवास्तव ‘के-किशोर कुमार’ के नाम से विख्यात हैं और बॉलीवुड के नवीनतम गीतों से लेकर सदाबहार रेट्रो, सूफी, ग़ज़ल, अर्धशास्त्रीय, भक्ति संगीत एवं गरबा-डांडिया जैसे विविध संगीत रूपों में दक्ष हैं।

यह आयोजन कोटा के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण संगीतमय अवसर के रूप में उभर रहा है, जो संगीत प्रेमियों को एक ही मंच पर विविध विधाओं का अनुभव कराएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story