कोटा में सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ, 48 दीपकों से हुई भक्तामर आराधना
कोटा के विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में सिद्धचक्र महामंडल विधान शुरू हुआ। पहले दिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ 48 दीपकों से भक्तामर आराधना हुई और माताजी ने आत्मचिंतन का महत्व बताया।

कोटा के दिगंबर जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान के दौरान कलश स्थापना करते जैन श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं।
कोटा। विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन अभिषेक, शांतिधारा, मंडप उद्घाटन और कलश स्थापना सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने देव-शास्त्र-गुरु की आराधना के साथ सिद्धों की भक्ति करते हुए अर्घ्य समर्पित किए। भक्ति गीतों के बीच श्रावक-श्राविकाओं ने भक्ति नृत्य किया और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
महामंत्री अनिल ठोरा ने बताया कि विधान के प्रथम दिन आयोजित अभिषेक और शांतिधारा की क्रिया नरेंद्र पाटनी, कोलकाता ने संपन्न की। सिद्धचक्र महामंडल विधान के मंडप का उद्घाटन मनीष गोयल ने किया, जबकि मंडल पर मुख्य कलश की स्थापना आशीष जायसवाल ने की। मंडप के चारों कोनों पर नरेंद्र पाटनी, राजकुमार जैन, अशोक कटारिया और दीपक नांता ने कलश स्थापित किए। रिचा गोयल ने दीप प्रज्वलन किया। विजय चंद्रा पाटोदी ने गुरु मां का पाद प्रक्षालन किया। वहीं, सुशील जैन मुरैना, दिनेश सुरलाया और नेमीचंद सिंघल ने शास्त्र भेंट किए।
मंदिर समिति अध्यक्ष राजमल पाटोदी ने बताया कि आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के मंगल सानिध्य और आशीर्वाद में मुरैना में संचालित गोपालदास बरैया गुरुकुल के पदाधिकारियों ने सुशील जैन के नेतृत्व में गुरु मां को श्रीफल अर्पित किया। इस दौरान गुरुकुल के उत्तरोत्तर विकास और उन्नति के लिए मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में शुद्ध वस्तुओं का सेवन करना चाहता है, क्योंकि शुद्धता से शक्ति और सामर्थ्य बढ़ती है। इसी तरह आत्मा में क्रोध, मान, माया और लोभ जैसी कषायों के विकार जुड़ने से उसकी स्वाभाविक शुद्धता प्रभावित होती है। इन विकारों से मुक्त होने के लिए मनुष्य को अपनी शुद्ध आत्मा का चिंतन करना चाहिए। आत्मा के वास्तविक स्वरूप का चिंतन ही उसे निर्मल बनाने का मार्ग है।
माताजी ने कहा कि जिस प्रकार शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने के लिए भोजन और विश्राम आवश्यक हैं, उसी प्रकार आत्मिक ऊर्जा बनाए रखने के लिए ध्यान और आत्मचिंतन जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को 24 घंटे में कम से कम एक घंटा शुद्ध आत्मा का चिंतन अवश्य करना चाहिए। इससे जीवन की बैटरी निरंतर चार्ज होती रहेगी। आत्मा के वास्तविक स्वरूप पर केंद्रित होना ही ध्यान है और इसी के माध्यम से आत्मिक शुद्धता प्राप्त की जा सकती है।
विधान की सभी धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप शास्त्री और कपिल शास्त्री के निर्देशन में संपन्न कराई गईं।
सायंकालीन सत्र में दिनेश सुरलाया परिवार की ओर से महाआरती की गई। इसके बाद रितेश सेठी परिवार ने 48 दीपकों के साथ भक्तामर आराधना की। दीपों की रोशनी के बीच भक्तामर स्तोत्र का सामूहिक पाठ किया गया। इस अवसर पर विनोद टोरड़ी, मनोज जायसवाल, अनिल ठोरा, अमित चीकू, हेमंत सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
