कोटा। विज्ञान नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में आयोजित सिद्ध चक्र महामंडल विधान के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान जिनेंद्र की आराधना कर 1000 अर्घ समर्पित किए। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भक्तिभाव के साथ सिद्धों की पूजा-अर्चना कर पुण्यार्जन किया।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि मोह की कालिमा अनंत काल से आत्मा पर जमी हुई है। इसे दूर करने में धार्मिक आयोजनों और आध्यात्मिक साधना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जीवन में निरंतर शुभ निमित्त मिलते रहें और मनुष्य शुभ कार्यों में लगा रहे तो मोह की पकड़ धीरे-धीरे कमजोर होने लगती है। इससे कषायों का विनाश संभव हो पाता है।

उन्होंने कहा कि धर्म और आत्मसाधना के माध्यम से ही आत्मा को वास्तविक सुख की प्राप्ति हो सकती है। प्रत्येक व्यक्ति को धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने आचरण और विचारों को निर्मल बनाने का प्रयास करना चाहिए। धार्मिक आयोजन व्यक्ति को आध्यात्मिक साधना से जोड़ने और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजमल पटौदी ने बताया कि आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में सिद्ध चक्र महामंडल विधान के तहत प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इस दौरान सिद्धों की आराधना और पूजा-अर्चना का क्रम जारी है।

कार्यक्रम में विमल, जेके जैन, रितेश सेठी, अनिल ठोरा, अमित चिकू, मनोज जायसवाल, आशीष जायसवाल, विनोद टोरडी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। विधान के दौरान 1000 अर्घ समर्पित कर श्रद्धालुओं ने सिद्धों की आराधना की और धर्म तथा आत्मसाधना के महत्व का संदेश दिया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story