कोटा। श्री धरणीधर जन सेवा संस्थान एवं समस्त धाकड़ समाज, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में विनोबाभावे नगर स्थित खड़े गणेश जी रोड के श्री धरणीधर गार्डन में आयोजित 'श्रीमद भागवत कथा एवं रासलीला महोत्सव' का तीसरा दिन भक्ति और आस्था के अद्भुत संगम के रूप में सामने आया। कथा के तृतीय दिवस पर सुप्रसिद्ध प्रवचन सेवक 'बनेठ वाले' महाराज ने व्यासपीठ से ज्ञान, वैराग्य और भक्ति की ऐसी त्रिवेणी प्रवाहित की कि पूरा पंडाल 'हरे कृष्णा' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। उन्होंने जीवन के परम सत्य को उद्घाटित करते हुए श्रद्धालुओं को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठकर ईश्वर की शरण में समर्पित होने का आह्वान किया।


व्यासपीठ से कथा का अमृतपान कराते हुए बनेठ वाले गुरुदेव ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को अपने जीवन का अधिकतम समय प्रभु के सुमिरन और सेवा में व्यतीत करना चाहिए। उन्होंने जीवन के मूल सूत्र को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह अमूल्य जीवन ईश्वर ने केवल अपनी भक्ति के लिए प्रदान किया है। महाराज श्री ने खेद व्यक्त किया कि वर्तमान में मनुष्य अज्ञानतावश ईश्वर के आह्वान को अनदेखा कर निरंतर नश्वर संसार की ओर भाग रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि हम जिन भौतिक सुखों के पीछे दौड़ रहे हैं, वे सब नाशवान हैं। समय बीत जाने पर मनुष्य को केवल पछतावा ही हाथ लगता है, इसलिए जब तक जीवन है, प्रभु के चरणों में ध्यान लगाना ही श्रेयस्कर है।

कथा के साथ-साथ वृंदावन के ख्यातिप्राप्त कलाकारों द्वारा प्रस्तुत दिव्य रासलीला महोत्सव ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। हरिवल्लभ शर्मा 'छोटे ठाकुर' महाराज के निर्देशन में कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी और कालिया मर्दन प्रसंगों का अत्यंत जीवंत मंचन किया। यमुना तट पर कालिया नाग के मान-मर्दन के दृश्यों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

संस्थान के कोषाध्यक्ष महावीर नागर अंथेड़ा ने जानकारी दी कि यह भव्य आयोजन आगामी 13 जून तक निरंतर जारी रहेगा। इसमें प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक श्रीमद भागवत कथा और रात्रि 7:30 बजे से दिव्य रासलीला का मंचन किया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन महाआरती और छप्पन भोग के प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी बंधुओं ने भाग लिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story