कोटा में विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर Shreeji Hospital द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर में आमजन का उत्साहपूर्ण सहयोग देखने को मिला। कोटा हार्ट इंस्टीट्यूट समूह की इकाई श्रीजी हॉस्पिटल में आयोजित इस विशेष शिविर में लगभग 487 मरीजों एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य लोगों को उच्च रक्तचाप और हृदय रोगों के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।

शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर जांच, ब्लड शुगर, HbA1c, थायरॉइड, लिपिड प्रोफाइल, बोन मिनरल डेंसिटी एवं BMI सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। अस्पताल परिसर में सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ी रही और बड़ी संख्या में मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट एवं डायरेक्टर डॉ. राकेश जिंदल, सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. निशांत सक्सेना, डॉ. रचित सक्सेना और डॉ. भूपेंद्र बाटला ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को उच्च रक्तचाप, हृदय रोगों और जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रचित सक्सेना द्वारा सीपीआर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को आपातकालीन स्थिति में जीवन बचाने के महत्वपूर्ण तरीके सिखाए गए। वहीं डॉ. निशांत सक्सेना ने हेल्थ क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर स्वास्थ्य जागरूकता को रोचक रूप दिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर डॉ. राकेश जिंदल ने कहा कि उच्च रक्तचाप एक “साइलेंट किलर” बीमारी है, जो धीरे-धीरे हृदय, मस्तिष्क और किडनी को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि नियमित जांच, समय पर उपचार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इस बीमारी से बचाव संभव है।

डॉ. निशांत सक्सेना ने बताया कि भागदौड़ भरी जीवनशैली, तनाव, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण युवाओं में भी उच्च रक्तचाप तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम करने, कम नमक का सेवन करने और समय-समय पर ब्लड प्रेशर जांच कराने की अपील की।

अस्पताल प्रशासन ने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का संदेश दिया। श्रीजी हॉस्पिटल, कोटा स्थित 163-A, रोड नं. 5, इन्द्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित यह शिविर स्वास्थ्य जागरूकता और हृदय रोगों की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। “आपका दिल, हमारी प्राथमिकता” संदेश के साथ अस्पताल ने लोगों को समय रहते स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story