कोटा के दिवंगत चाइल्ड एक्टर शौर्य वीर की स्मृति और उनके अभिनय के सपनों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उनके माता-पिता ने मुंबई में फिल्म एवं मनोरंजन की दुनिया में नई पहल शुरू की है। शौर्य वीर के सितंबर 2025 में कोटा में हुए दुर्भाग्यपूर्ण फायर एक्सीडेंट में असामयिक निधन के बाद उनकी मां एवं अभिनेत्री रीता शर्मा और पिता डॉ. जितेंद्र शर्मा ने ‘शौर्य वीर प्रोडक्शन’ की शुरुआत की है। इसी बैनर के तहत पहली वेब सीरीज ‘कर्ण पिशाचिनी’ का रविवार को मुंबई में भव्य मुहूर्त एवं लॉन्च समारोह आयोजित किया गया।

शौर्य वीर प्रोडक्शन के माध्यम से वेब सीरीज, शॉर्ट फिल्म और फीचर फिल्मों सहित विभिन्न विधाओं में गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन कंटेंट तैयार किया जाएगा। प्रोडक्शन हाउस का उद्देश्य फिल्म और मनोरंजन क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे नए कलाकारों एवं प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराना भी है।

‘कर्ण पिशाचिनी’ सुपरनैचुरल शक्तियों और रहस्यमयी घटनाओं पर आधारित वेब सीरीज है, जो दर्शकों को रोमांच और रहस्य से भरपूर कहानी का अनुभव कराने वाली है। वेब सीरीज में निखलेश एवं प्रवीण मांजरेकर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि त्रिशा कमलाकर मेन लीड एक्ट्रेस की भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा सामग्री एवं अभिजीत भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखाई देंगे। ‘कर्ण पिशाचिनी’ का निर्देशन नेमित प्रोडक्शन के कुमार गौतम (अमित कुमार गौतम) ने किया है।

मुहूर्त समारोह के दौरान पूरी टीम ने प्रोजेक्ट की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और इसे शौर्य वीर की यादों को समर्पित एक महत्वपूर्ण रचनात्मक पहल बताया।

रीता शर्मा ने कहा कि शौर्य वीर का अभिनय के प्रति विशेष लगाव था और वह स्वयं एक चाइल्ड एक्टर के रूप में काम कर चुके थे। उनके जाने के बाद परिवार ने उनके सपनों को अधूरा नहीं रहने देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि ‘शौर्य वीर प्रोडक्शन’ केवल एक प्रोडक्शन हाउस नहीं, बल्कि शौर्य वीर की यादों और उनके सपनों को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

डॉ. जितेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रोडक्शन हाउस के माध्यम से अच्छे और नए विषयों पर काम करने के साथ-साथ उन कलाकारों को अवसर देने का प्रयास किया जाएगा, जिन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सही मंच की तलाश है।

शौर्यवीर प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही हॉरर-सस्पेंस फिल्म ‘कर्ण पिशाचिनी’ दर्शकों के लिए रहस्य, रोमांच और अलौकिक भय का अलग अनुभव लेकर आ रही है। पहली वेब सीरीज ‘कर्ण पिशाचिनी’ के साथ शुरू हुआ यह सफर आने वाले समय में फिल्म और डिजिटल मनोरंजन के क्षेत्र में नए अध्याय लिखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

फिल्म में एक रहस्यमयी अलौकिक शक्ति है, जो इंसान के कानों में छिपे रहस्यों और भविष्य की भयावह सच्चाइयों को फुसफुसाती है। इसकी आवाज सुनने के बाद इंसान की जिंदगी कभी पहले जैसी नहीं रहती। फिल्म की स्क्रीनिंग 27 सितंबर 2026 को कोटा में आयोजित की जाएगी।

निर्माताओं के अनुसार, ‘कर्ण पिशाचिनी’ सिर्फ डराने वाली कहानी नहीं है, बल्कि इसके पीछे रहस्य, मानवीय भावनाओं और एक ऐसी अलौकिक शक्ति की कहानी है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगी। फिल्म की कहानी और इसका रहस्यमयी संसार दर्शकों को ऐसे सफर पर ले जाता है, जहां आवाज ही सबसे बड़ा रहस्य है और सच सामने आने से पहले ही भय अपना चेहरा दिखा देता है। शौर्य वीर की स्मृति में शुरू हुआ यह प्रोडक्शन हाउस अब ‘कर्ण पिशाचिनी’ के जरिए फिल्म और डिजिटल मनोरंजन के क्षेत्र में अपनी पहली रचनात्मक प्रस्तुति लेकर सामने आया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story