कोटा के श्री नाहरसिंगी माता मंदिर वेद विद्यालय धर्मपुरा द्वारा आयोजित 'सनातन धर्म संवाद एवं गौरक्षा प्रवचन' कार्यक्रम में जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज ने वेद विद्यालय के आचार्यों, बटुकों और गो सेवकों को संबोधित किया। इस अवसर पर महाराज श्री ने धर्म और वेदों के अंतर्संबंधों पर गहरा प्रकाश डाला।

वेदों की महत्ता और भगवान राम का गौ-प्रेम

शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज ने अपने संबोधन में स्पष्ट रूप से कहा कि "अगर वेद नहीं होंगे तो धर्म एक काल्पनिक कथा हो जाएगी।" उन्होंने भक्तों को आत्मचिंतन की प्रेरणा देते हुए कहा कि जब हम राम के दर्शन करने जाते हैं, तब हमारे मन में यह विचार नहीं आता कि जिस राम के दर्शन को हम यहां आए हैं, वह राम किसके दर्शन के लिए इस धरती पर आए थे। तब यह स्पष्ट है कि गौ माता की रक्षा के लिए भगवान राम का अवतार इस भरत भूमि भारत में हुआ। हम भगवान राम के दर्शन को तो लालायित हो जाते हैं जो मूर्ति रूप में विद्यमान है, लेकिन हम उस गौ माता की प्रताड़ना को, उसके दर्द को, उसके कष्ट को नहीं देख पा रहे हैं, नहीं सुन पा रहे हैं, नहीं समझ पा रहे हैं तो हमारी आराधना कैसे स्वीकार होगी।

उन्होंने आगे कहा कि "देवता की मां प्रताड़ित हो और देवता को प्रसन्न करने की हम बात करें तो स्वयं को धोखा देने जैसी बात है। भगवान राम को जन्म लेने की आवश्यकता नहीं थी वह एक चुटकी बजा देते तो रावण मर जाता, सीता माता का हरण नहीं होता लेकिन संपूर्ण समाज को यह ज्ञान देना था की गाय से बड़ा कुछ भी नहीं है गाय हमारे जीवन का आधार है, हमारे धर्म का आधार हैं, हमारी सांसे हैं हमारे लिए गाय का कितना महत्व है इन बातों को समझने की आवश्यकता है।"

गौ मांस निर्यात और जनता का उत्तरदायित्व

गौ मांस निर्यात के ज्वलंत मुद्दे पर बोलते हुए शंकराचार्य ने कहा कि जब कभी हम अपने धर्म की तरफ देखते हैं तो हमने कभी कल्पना नहीं की थी, हमारे ऋषि मुनियों ने कभी ऐसी कल्पना नहीं की थी कि इस भरत भूमि भारत में गाय काटी जाएगी और उसको बेचा जाएगा। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि आज यह कल्पना करिए कि भारत नरमुंडों का देश है, यहां नेता सर गिनते हैं, कभी पैसों का प्रलोभन देते हैं, तो कभी प्रताड़ना देते हैं। जब हम अपने एक वोट से सरकार चुनते हैं और चुनी हुई वह सरकार जब गौ हत्या के लिए लाइसेंस देती है, गाय के मांस को बेचती है, उसका निर्यात करती है उस समय सबसे ज्यादा अगर किसी को पाप लगता है तो वह उस जनता को लगता है जिसने अपने मन में धर्म को तो जीवित रखा लेकिन वह जानता नहीं की ऐसी पापी सरकारों को चुनने का पाप हमने किया है, उनको ताकतवर हमने बनाया है तब वह गौ माता की हत्या कर पा रहे हैं।

वेद विज्ञान: सृष्टि और शिक्षा का आधार

कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष व पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने शंकराचार्य का अभिनंदन करते हुए बताया कि नाहरसिंगी माता मंदिर में संचालित यह हाडोती का एकमात्र ऐसा वेद विद्यालय है जहां चारों वेदों की शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वेद केवल पूजा पाठ मंत्रोच्चार तक सीमित नहीं है, दुनिया में आज जितना भी सांसारिक, आध्यात्मिक, भौतिक व नैतिक विकास है उसकी जननी वेद है। "वेदों में जाकर हम झांकेंगे तो वेद में तमाम प्रकार की खगोलशास्त्र भौतिकी, रसायनशास्त्र से लेकर दुनिया भर की रिसर्च तक इस संसार में जब मौजूदा विज्ञान नहीं था तब वेद विज्ञान ही सृष्टि और समाज की शिक्षा के आधार थे।" गुंजल ने प्रसन्नता व्यक्त की कि शंकराचार्य जैसी महान शख्सियत इस जन जागरण अभियान के लिए देश भर में निकले हैं।

कार्यक्रम का विवरण और गणमान्य उपस्थिति

शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज ने मंदिर पहुंचते ही सर्वप्रथम गो पूजन किया और नाहरसिंगी माता की आरती उतारी। प्रवचन के पश्चात वेद विद्यालय के बटुकों ने धर्म और वेदों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका जगतगुरु ने विस्तार से वर्णन किया।

इस कार्यक्रम में बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, पूर्व विधायक पूनम गोयल, बूंदी जिला अध्यक्ष महावीर मीणा, वेद विद्यालय समिति अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, डॉ निहिता दीक्षित, आचार्य दुर्गा प्रसाद शर्मा, आचार्य केशव शर्मा, आचार्य भागचंद शर्मा, श्री लाल गुंजल, रामरतन गुंजल, दयाल गुंजल, प्रेस क्लब अध्यक्ष गजेंद्र व्यास, बृजेश शर्मा नीटू, मनीष शर्मा, लोकेश गुंजल, बुलबुल पंवार, मंदिर समिति सदस्यों व पूर्व पार्षदों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर शंकराचार्य का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story