शहीद दिवस: कोटा में राष्ट्रसमृद्धि महायज्ञ आयोजित, विधायक संदीप शर्मा बोले- अंधविश्वास दूर करता है आर्य समाज
कोटा के श्रीनाथपुरम स्टेडियम में शहीदों की स्मृति में महायज्ञ और हस्ताक्षर अभियान हुआ, जिसमें युवाओं ने अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कोटा के श्रीनाथपुरम स्टेडियम में शहीद दिवस पर आयोजित राष्ट्रसमृद्धि महायज्ञ में आहुति देते विधायक संदीप शर्मा, विवेक राजवंशी और अन्य गणमान्य नागरिक।
कोटा। शहीद दिवस के अवसर पर आर्य समाज एवं पतंजलि योग समिति जिला कोटा द्वारा “एक आहुति शहीदों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन कर अमर क्रांतिकारियों शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
राष्ट्रसमृद्धि महायज्ञ और वैदिक मंत्रोच्चार
कार्यक्रम संयोजक ईश्वरलाल सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि आर्य उप प्रतिनिधि सभा कोटा संभाग तथा पतंजलि परिवार कोटा के तत्वावधान में श्रीनाथपुरम स्थित स्टेडियम परिसर में राष्ट्रसमृद्धि महायज्ञ आयोजित किया गया। यज्ञ में ब्रह्मा आचार्य अग्निमित्र शास्त्री, पंडित शोभाराम आर्य तथा आर्य पुरोहित भेरूलाल शर्मा एवं उमेश कुर्मी के ब्रह्मत्व में मुख्य यजमान कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, समाजसेवी गोविंद अग्रवाल तथा आर्य उप प्रतिनिधि सभा के प्रधान अरविंद पांडेय और डॉ. वेदप्रकाश गुप्ता सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने ऋग्वेद के स्वराज सूक्त के मंत्रोच्चार के साथ आहुति देकर राष्ट्र की समृद्धि की कामना की।
युवाओं का हस्ताक्षर अभियान और जोशीला नमन
कार्यक्रम के उपसंयोजक राकेश चड्ढा ने बताया कि इस अवसर पर क्रांतिवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु विशाल बैनर लगाया गया, जिस पर स्टेडियम में आने वाले युवाओं एवं आमजन ने हस्ताक्षर कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। साथ ही सेल्फी स्टैंड पर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के कट-आउट के साथ युवाओं ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों के साथ अमर शहीदों को नमन किया। आर्य उप प्रतिनिधि सभा के महामंत्री चंद्रमोहन कुशवाहा ने बताया कि वैदिक विद्वान अग्निमित्र शास्त्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि शहीद भगत सिंह आर्य समाज की वैदिक विचारधारा से प्रभावित थे और उनकी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल एवं नेशनल कॉलेज जैसे आर्य समाज से जुड़े संस्थानों में हुई।
जनप्रतिनिधियों के विचार और प्रेरणा
इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि "आर्य समाज सत्य का बोध कराकर समाज को अंधविश्वास और रूढ़िवाद से दूर करने का कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को हमारे महान क्रांतिकारियों के जीवन और बलिदान को जानने-समझने का अवसर मिलता है।" नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में बूढ़ादीत से पधारे युवा कवि आर.सी. मीणा (आदित्य) ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता एवं गीत प्रस्तुत कर वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।
गणमान्य जनों की उपस्थिति और आभार
इस अवसर पर आर्य समाज के राधावल्लभ राठौर, वेद विदुषी डॉ. सुदेश आहूजा, लालचंद आर्य, किशन आर्य (हरियाणा), मुकेश चड्ढा तथा पतंजलि परिवार के सत्यनारायण गोचर, लक्ष्मण सिंह सोलंकी, उर्मिला व्यास सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवा उपस्थित रहे। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सभा के प्रधान अरविंद पांडेय ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
