कोटा, 20 नवम्बर। अंतरराष्ट्रीय ट्रांसजेंडर स्मृति दिवस गुरुवार को सेवा और मानवता के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर किन्नर समाज की वरिष्ठ सदस्य रीना दीदी एवं श्री कर्मयोगी सेवा संस्थान ने संयुक्त रूप से स्व. गुरु मंजू बाई नायक की स्मृति में विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम गोबरिया बावड़ी सर्किल पर आयोजित किया गया, जहाँ हजारों मजदूरों, राहगीरों और आमजन को पेयजल की सुविधा के साथ गर्म चाय, कुरकुरे और बिस्किट निशुल्क वितरित किए गए। सवेरे की कड़कड़ाती ठंड में गरमा गरम चाय और बिस्किट पाकर लोगों के चेहरों पर मुस्कान देखी गई। यह दृश्य न केवल सेवा की भावना को दर्शाता था, बल्कि समाज के हाशिए पर खड़े लोगों के लिए एक सशक्त संदेश भी था।

कार्यक्रम की शुरुआत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, कोटा की संयुक्त निदेशक सविता कृष्णैया द्वारा की गई। रीना दीदी और श्री कर्मयोगी सेवा संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष राजाराम ने बताया कि स्व. गुरु मंजू बाई नायक किन्नर समाज के लिए प्रेरणास्रोत थीं। उन्होंने कहा कि इस स्मृति दिवस की शुरुआत 1998 में सेन फ्रांसिस्को में एक ट्रांसजेंडर की हत्या के बाद समाज और आमजन द्वारा की गई थी। तब से यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिवंगत ट्रांसजेंडरों की स्मृति में और हाशिए पर खड़े समुदाय की आवाज को सशक्त बनाने के लिए प्रतिवर्ष किया जाता है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कानाराम, काउंसलर देवकिशन गुर्जर, सायरा मंत, ज्योति, मीनू, अंजलि, खुशी सहित किन्नर समाज एवं संस्था के कई सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे। श्री कर्मयोगी सेवा संस्थान एवं किन्नर समाज ने सभी सहयोगियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम ने न केवल सेवा की भावना को उजागर किया, बल्कि समाज में समानता, सम्मान और मानवाधिकारों के संदेश को भी मजबूती से स्थापित किया। यह आयोजन यह याद दिलाता है कि समाज के हाशिए पर खड़े समुदाय के लिए संवेदनशीलता और सहायता हमेशा आवश्यक है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story