कोटा-बारां में स्काउट-गाइड ने पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए निकाली प्रभात फेरी
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल के विद्यार्थियों व शिक्षा सहकारी सभा के सदस्यों ने नारों और तख्तियों के माध्यम से आमजन को किया जागरूक।

कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जल एवं पर्यावरण संरक्षण जनजागरण अभियान के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्काउट गाइड प्रभारी प्रकाश जायसवाल और उपस्थित छात्राएं।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड ग्रुप राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जनजागरण अभियान के तहत प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्रों से गुजरी, जिसमें स्काउट-गाइड विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहकारी सभा के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने “जल है तो कल है”, “पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ” और “जल संरक्षण अपनाओ-भविष्य सुरक्षित बनाओ” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। हाथों में तख्तियां और संदेश पट्टिकाएं लिए स्काउट-गाइड छात्र-छात्राओं ने लोगों को जल की प्रत्येक बूंद बचाने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्काउट गाइड प्रभारी एवं शिक्षा सहकारी अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। यदि आज जल बचाने के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में जल बचत की आदत अपनानी चाहिए तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगिता महावर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों और आसपास के लोगों को भी जल संरक्षण एवं स्वच्छ पर्यावरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन सदैव सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।
प्रभात फेरी के समापन पर विद्यार्थियों ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा की शपथ ली। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, स्काउट-गाइड सदस्य तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण और जल बचाने के प्रति जागरूक करने का सार्थक प्रयास किया गया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
