सांगोद नगर के पीपली घाट स्थित गणेश कुंज पर ‘वंदे गंगाजल संरक्षण जन अभियान’ का गणेश पूजन के साथ विधिवत एवं भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गणेशपाल मंदिर में गणपति का विधिवत पूजन कर की, जिसके साथ ही पूरा परिसर “गंगा माता की जय” के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसने अभियान को जनजागरूकता के भाव से और अधिक व्यापक स्वरूप प्रदान किया।

शुभारंभ अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने स्वयं आगे बढ़कर गणेश कुंज पर श्रमदान किया और आमजन एवं अधिकारियों के साथ मिलकर नदी किनारे फैले प्लास्टिक, अनुपयोगी अपशिष्ट एवं गंदगी की सफाई की। मंत्री को जमीन पर उतरकर सफाई करते देख उपस्थित नागरिकों और युवाओं में उत्साह का संचार हुआ और सभी ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

मंत्री नागर ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती जागरूकता के चलते खुले में शौच से मुक्ति संभव हुई है और हर घर शौचालय निर्माण इसका प्रमुख आधार रहा है। उन्होंने घोषणा की कि अभियान के अंतर्गत सभी सरकारी विभागों के भवनों एवं कार्यालयों की सफाई के साथ-साथ रंग-रोगन (पुताई) का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों को स्वच्छ रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह विशेष अभियान 25 मई से प्रारंभ होकर 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक निरंतर चलेगा। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, जलाशयों की सफाई, जल स्रोतों का पुनर्भरण (रीचार्ज) करना तथा गांवों से कचरा हटाकर उन्हें पूर्णतः स्वच्छ बनाना है। उन्होंने आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति सख्ती दिखाते हुए मंत्री हीरालाल नागर ने नदी में कचरा फेंक रहे एक युवक को मौके पर रोककर समझाइश दी और निर्देश दिए कि नदी-नालों में किसी भी प्रकार का प्लास्टिक, घरेलू अपशिष्ट या पूजन सामग्री न डाली जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा नदी को दूषित करने वालों और अवैध मछली पकड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

इसी क्रम में मंत्री ने गणेश कुंज पर नीम और पीपल के पौधों का रोपण किया तथा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मनोज मालव को निर्देश दिए कि पौधों की सुरक्षा हेतु ड्रिप सिंचाई प्रणाली से नियमित जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परिसर से अनुपयोगी बबूल के पेड़ों को हटाने, मिट्टी का लैंडस्केपिंग कार्य करने तथा पूरे क्षेत्र को सुंदर पार्क के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए पॉम एवं खजूर जैसे आकर्षक पौधे लगाने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से मंत्री नागर ने घोषणा की कि सांगोद विधानसभा क्षेत्र के लगभग 50 हजार परिवारों को विधायक कोष से दो-दो डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे कुल 1 लाख डस्टबिन वितरित किए जाएंगे। इससे घर-घर सूखे एवं गीले कचरे का पृथक निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस प्रकार सांगोद में शुरू हुआ यह अभियान जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन की दिशा में एक व्यापक जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ने का संदेश दे गया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story