सांगोद पालिका चुनाव: ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने किया जनसंपर्क, कई कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
सांगोद में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने 211 करोड़ के विकास कार्यों का हिसाब दिया और भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।

तस्वीर में सांगोद में जनसंपर्क के दौरान समर्थकों और नेताओं संग खड़े ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर।
सांगोद नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने सोमवार को सांगोद के विभिन्न वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों में धुआंधार जनसंपर्क किया। इस दौरान ग्राम रकसपुरिया से दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विकास नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने नए सदस्यों को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। भाजपा में शामिल होने वालों में लेखराज मीणा, गब्बर सिंह मीणा, बने सिंह, भंवर सिंह, रामावतार, बनवारी मेहर, दिनेश डाबवाल, रघुवीर डाबवाल और मदन लाल शामिल हैं। नागर ने कहा कि नए कार्यकर्ताओं के आने से क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
जनसंपर्क अभियान के तहत नागर ने सांगोद के वार्ड नंबर 10 और 18 के साथ ग्राम रकसपुरिया, तालछी तथा बोरदा में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने जनता से भाजपा उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। सांगोद नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनने पर "ट्रिपल इंजन सरकार" के माध्यम से विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
नागर ने पिछले ढाई वर्षों में क्षेत्र में कराए गए 211 करोड़ रुपये से अधिक के ऐतिहासिक विकास कार्यों का लेखा-जोखा भी जनता के सामने रखा। विद्युत व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सांगोद-जोलपा रोड पर 286 करोड़ रुपये की लागत से 400 केवी जीएसएस की स्थापना की गई है, जिससे ट्रिपिंग की समस्या खत्म हुई है।
पेयजल व्यवस्था को लेकर ऊर्जा मंत्री ने बताया कि 3500 करोड़ रुपये की परवन-अकावद परियोजना पर कार्य जारी है। सांगोद पालिका क्षेत्र के लिए 8 करोड़ रुपये का जल शोधन संयंत्र और 17.87 करोड़ रुपये की 70 किमी पाइपलाइन स्वीकृत की गई है। इसके अलावा 35 करोड़ रुपये का उप-जिला अस्पताल, 3.58 करोड़ रुपये का पॉलीक्लिनिक और बाढ़ नियंत्रण के लिए 25 करोड़ रुपये का भगदा खाल-सांगोद डायवर्जन चैनल सांगोद की तस्वीर बदल रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने "सोच ईमानदार, काम दमदार" के संकल्प के साथ नागरिकों से कमल के निशान पर बटन दबाने की अपील की। कार्यक्रम में सांगोद चुनाव प्रभारी व विधायक ललित मीणा, ललित किशोर शर्मा, प्रधान जय वीर सिंह अमृत कुआं और उप प्रधान ओम नागर अडूसा, मण्डल अध्यक्ष मुरारी मेहता सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सांगोद नगर पालिका चुनाव में भाजपा के पक्ष में यह जनसंपर्क अभियान और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पार्टी में शामिल होना चुनावी गतिविधियों के बीच महत्वपूर्ण घटनाक्रम रहा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
