सांगोद में 150 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे ओम बिरला और हीरालाल नागर
लोकसभा अध्यक्ष और ऊर्जा मंत्री सांगोद में 100 बेड के अस्पताल, कालीसिंध नदी पर पुल और सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे।

कोटा/सांगोद, 24 अप्रैल। सांगोद क्षेत्र आज एक बड़े विकास अध्याय का साक्षी बनने जा रहा है, जहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर क्षेत्र को नवीन विकास कार्यों की सौगात देंगे। कार्यक्रम शनिवार शाम 4 बजे बपावर रोड स्थित गायत्री चौराहा के मेला ग्राउंड में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की जानकारी मण्डल अध्यक्ष मुरारी मेहता, चंद्रप्रकाश सोनी और राजेश शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि समारोह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य तथा ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा। इस अवसर पर क्षेत्र की जनता को कुल 150 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी।
इन विकास कार्यों में चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 35 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड क्षमता वाले काशीपुरी उप जिला चिकित्सालय का निर्माण प्रमुख है। साथ ही, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कालीसिंध नदी पर 70 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 45 करोड़ रुपये की लागत से कुराड़-ढोटी-कन्दाफल-मण्डाप-श्यामपुरा सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ाईकरण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा।
यह कार्यक्रम सांगोद क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आवागमन की बेहतर व्यवस्था के माध्यम से क्षेत्र की प्रगति को नई गति देगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
