सांगोद नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के उपलक्ष्य में मंगलवार को शहर में विजय आभार यात्रा निकाली गई। राजस्थान सरकार के ऊर्जा विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने यात्रा में मुख्य रूप से भाग लिया। नगर पालिका भवन से गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ शुरू हुई यात्रा गांधी चौराहा होते हुए गायत्री चौराहे तक पहुंची।

यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा और आतिशबाजी कर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, नवनिर्वाचित चेयरमैन चंद्र प्रकाश सोनी, डिप्टी चेयरमैन महेंद्र शर्मा, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज शर्मा, चुनाव प्रभारी ललित शर्मा और पार्षदों का स्वागत किया।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री नागर ने सांगोद की जनता द्वारा दिए गए ऐतिहासिक जनादेश के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और स्थानीय स्तर पर भाजपा का प्रतिनिधित्व होने से सांगोद ‘ट्रिपल इंजन’ की गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने सांगोद को ‘आदर्श नगर पालिका’ के रूप में विकसित करने का संकल्प भी जताया।

बुधवार को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सांगोद विधानसभा क्षेत्र के विस्तृत प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे क्षेत्रवासियों को बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की सौगात देंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार अपराह्न 1:30 बजे पंचायत समिति परिसर, सांगोद में आयोजित समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां कुल 49 करोड़ 71 लाख 69 हजार रुपये की लागत के विभिन्न ग्रामीण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल अति विशिष्ट अतिथि, पंचायत समिति प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं अध्यक्ष तथा उपप्रधान ओम नागर अडूसा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इन कार्यों में ग्राम पंचायत, जिला परिषद, मनरेगा और सार्वजनिक निर्माण विभाग के तहत सड़कों, पुलियाओं और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया जाएगा।

ऊर्जा मंत्री नागर बुधवार को अपने प्रवास की शुरुआत प्रातः 11 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कनवास से करेंगे। यहां वे 17वीं जिला स्तरीय खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके बाद वे सांगोद के गायत्री चौराहा स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद पंचायत समिति परिसर में भारत माता राजीविका महिला सर्वांगीण विकास सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा में भाग लेंगे।

दौरे के अंतिम चरण में ऊर्जा मंत्री सांगोद नगर में आयोजित श्री गणेश जी की महाआरती में सम्मिलित होंगे। इसके बाद रात्रि में ग्राम लसेड़िया कलां पहुंचकर भव्य श्री रामलीला महोत्सव-2026 के आयोजन में शिरकत करेंगे। सांगोद में चुनावी आभार यात्रा के बाद प्रस्तावित 49 करोड़ 71 लाख 69 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास मंत्री के बुधवार के प्रवास का प्रमुख कार्यक्रम रहेगा।


Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story