कोटा, 23 अगस्त। सांगोद नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी गतिविधियों को गति देते हुए मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। कोटा रोड स्थित मालियों की धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर भाजपा के मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में सांगोद मंडल अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सोनी, चुनाव प्रभारी एवं किशनगंज विधायक ललित मीणा, चुनाव प्रभारी ललित शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने पिछले ढाई वर्षों में सांगोद क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सांगोद नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल, बिजली आपूर्ति, सीवरेज, सड़क निर्माण और स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े सभी बुनियादी कार्यों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।

मंत्री नागर ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी सुनिश्चित की गई है। प्राकृतिक आपदाओं और बाढ़ से बचाव के लिए डायवर्सन चैनल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के लिए अटल वन का विकास भी तेजी से कराया जा रहा है।

उन्होंने क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए सांगोद में मंडी बनकर तैयार हो चुकी है। इसके अलावा परवन सिंचाई परियोजना के माध्यम से जल्द ही खेतों को सिंचाई का पानी मिलने लगेगा।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के समक्ष क्षेत्र के विकास के लिए जो भी मांग रखी गई, उसे सहर्ष स्वीकृति मिली है और आज वे सभी योजनाएं धरातल पर साकार हो रही हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से विकास के इस एजेंडे को लेकर घर-घर पहुंचने और जनता से समर्थन मांगने का आह्वान किया।

मंत्री नागर ने सांगोद को एक आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने संगठन की मजबूती और एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि चुनाव में टिकट केवल एक व्यक्ति को मिलता है, लेकिन प्रत्येक कार्यकर्ता को उस एक प्रत्याशी को ही ‘कमल का फूल’ मानकर पूरी निष्ठा के साथ उसकी विजय सुनिश्चित करने में जुट जाना चाहिए।

चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इस तरह भाजपा ने सांगोद नगर निकाय चुनाव के लिए संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियान को औपचारिक रूप से गति दे दी।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story