कोटा, 17 नवम्बर: देशभर के रनिंग स्टाफ ने आज माइलेज यानी किलोमीटर भत्ते की दर में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आल इंडिया रेलवेमैन फेडरेशन के आवाहन पर भारतीय रेलवे की कोटा और गंगापुर लॉबी में आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए।

आल इंडिया रेलवेमैन फेडरेशन और वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के सहायक महामंत्री कॉम नरेश मालव ने बताया कि सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार महंगाई भत्ते की दर 50 प्रतिशत से अधिक हो जाने पर सभी भत्तों को 01 जनवरी 2024 से 25 प्रतिशत बढ़ा दिया गया, लेकिन रनिंग स्टाफ को मिलने वाले माइलेज भत्ते में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। इस कारण देशभर के लोको इंस्पेक्टर, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।

आल इंडिया रेलवेमैन फेडरेशन की सहायक महामंत्री और यूनियन के महामंत्री कॉम मुकेश गालव ने बताया कि लगातार प्रयासों के बावजूद सरकार इस मुद्दे पर गंभीर रवैया नहीं अपना रही है। हाल ही में 6-7 नवम्बर को कोलकाता में संपन्न वर्किंग कमेटी की बैठक में निर्णय लिया गया था कि यदि सरकार की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो सभी लॉबी में रनिंग स्टाफ 17 नवम्बर को प्रदर्शन करेंगे।

कोटा मंडल की कोटा और गंगापुर लॉबी में आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व लोको शाखा सचिव कॉम आई डी दुबे और मंडल उपाध्यक्ष कॉम नरेंद्र जैन ने किया। कोटा लॉबी में रनिंग स्टाफ ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांग को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान लोको शाखा और ट्रेन मैनेजर शाखा के पदाधिकारियों ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित किया और सरकार से आग्रह किया कि माइलेज भत्ते में बढ़ोतरी तुरंत की जाए।

कोटा लॉबी में सैकड़ों और गंगापुर लॉबी में सौ से अधिक रनिंग स्टाफ ने भाग लिया। कोटा में लोको शाखा के पदाधिकारी महेश शर्मा, प्रशांत भारद्वाज, विजय कुमार, लोकेश एम, शैलेश सहित अन्य कर्मचारियों ने प्रदर्शन का समर्थन किया। वहीं गंगापुर लॉबी में रघुराज सिंह, नदीम, महेश मीणा, मुकेश मीणा, अरुणा गुप्ता समेत कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

प्रदर्शन के अंत में लोको शाखा कार्यकारी अध्यक्ष कॉम मस्तराम जाट ने उपस्थित कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों को अविलंब पूरा नहीं करती है, तो देशभर का रनिंग स्टाफ रेल संचालन को बाधित करने तक के कदम उठाने के लिए तैयार है।

यह प्रदर्शन केवल कोटा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे देश के रनिंग स्टाफ की आर्थिक सुरक्षा और भत्तों के समुचित भुगतान की मांग को मजबूती से सामने लाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story