RTU कोटा में रोबोथॉन का आयोजन: 300 छात्रों ने दिखाए रोबोटिक्स नवाचार
राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के रोबोटिक्स क्लब द्वारा आयोजित एक दिवसीय हैकाथॉन में 12 टीमों ने एआई और ऑटोमेशन के क्षेत्र में तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में आयोजित 'रोबोथॉन' के दौरान तकनीकी मॉडल प्रस्तुत करते विद्यार्थी और उपस्थित अतिथिगण।
कोटा, 04 जनवरी। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में रोबोटिक्स क्लब द्वारा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, तकनीकी दक्षता एवं समस्या-समाधान कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय “रोबोथॉन” का सफल आयोजन किया गया।
आयोजन का उद्देश्य एवं विवरण
सह जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि विश्वविद्यालय का यह हैकाथॉन छात्रों को इंडस्ट्री की डिमांड और बदलते अंतराष्ट्रीय परिवेक्ष में टेक्नोलॉजी की भूमिका के अनुरूप स्किल तैयार करने का प्रयास था, जिसने तकनीकी छात्रों को सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर नवाचार के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया गया।
- इस हैकाथॉन में 300 से अधिक छात्रों ने भाग लिया।
- विभिन्न चरणों के बाद 12 टीमें अंतिम चरण तक पहुँचीं।
- छात्रों ने रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा एम्बेडेड सिस्टम से जुड़े सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर आधारित अभिनव समाधान प्रस्तुत किए।
- प्रतिभागियों ने स्वनिर्मित रोबोटों के माध्यम से निर्धारित तकनीकी चुनौतियों का सफलतापूर्वक समाधान प्रस्तुत किया।
नवाचार और कौशल विकास
कार्यक्रम में इनोवेटिव रोबोट मॉडल जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। रोबोथॉन ने छात्रों में सॉफ्टवेयर-हार्डवेयर इंटीग्रेशन, टीमवर्क और समस्या-समाधान कौशल को प्रोत्साहित किया और भविष्य में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय में तकनीकी नवाचार की एक नई दिशा स्थापित की। रोबोथान का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी का संबोधन
"वर्तमान युग में रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की आधारशिला हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करते हैं। तकनीकी क्षेत्र में नवाचार ही प्रगति का मार्ग है। ऐसे कार्यक्रम उनकी रचनात्मकता और कौशल को निखारने में सहायक होते हैं।"
कुलगुरु ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान की और विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता एवं टीमवर्क की सराहना की।
अतिथियों का मार्गदर्शन
- मुख्य अतिथि रजिस्ट्रार डॉ. भावना शर्मा: छात्रों को तकनीकी ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला तथा छात्रों के प्रयासों की सराहना की।
- डॉ. दिनेश बिड़ला, डॉ. डी.के. पलवलिया एवं डॉ. हरीश शर्मा: छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें निरंतर सीखने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
- डॉ. राजश्री तापरिया (एसएसी चेयरमैन): कार्यक्रम की निगरानी एवं प्रशासनिक सहयोग में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
नेतृत्व एवं आयोजन टीम
इस पूरे आयोजन का नेतृत्व रोबोटिक्स क्लब के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. दीपक भाटिया ने किया, जिनके मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों से रोबोटिक्स क्लब ने यह ऐतिहासिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न किया।
इस हैकाथॉन का सफल आयोजन तृतीय वर्ष के छात्रों द्वारा किया गया, जिनमें प्रमुख नाम शामिल हैं:
- प्रतीक, गार्गी, यश, कामना, आयुष, दिव्यांश और देवेंद्र।
- इनके साथ रोबोटिक्स क्लब की पूरी कोर टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
