आरटीयू कोटा ने बीटेक अंतिम सेमेस्टर का परिणाम रिकॉर्ड 5 दिन में घोषित किया
राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय ने 97.18 प्रतिशत उत्तीर्ण दर के साथ परीक्षा परिणाम जारी कर शैक्षणिक सत्र 2026 में नया कीर्तिमान बनाया है।

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी (मध्य) और परीक्षा नियंत्रक प्रो. विवेक पांडे टीम के साथ बीटेक अंतिम सेमेस्टर का रिकॉर्ड परिणाम जारी करने के अवसर पर।
कोटा, 08 मई। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय ने परीक्षा विभाग में नवाचारों को मूर्त रूप देते हुए केवल पाँच दिवस में बीटेक अंतिम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्वविद्यालय ने एक बार फिर अपने पुराने रिकॉर्ड को दोहराते हुए संभवतः राजस्थान के किसी भी विश्वविद्यालय द्वारा सबसे कम समय में अंतिम सेमेस्टर का परिणाम जारी करने की उपलब्धि हासिल की है।
आरटीयू के सह जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने इस उपलब्धि पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. विवेक पांडे, परीक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा परीक्षा एजेंसी की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप प्रभावी परीक्षा प्रणालियों का संचालन करते हुए यह उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है।
बीटेक अंतिम सेमेस्टर का परिणाम मई माह के प्रथम सप्ताह में जारी होने से विद्यार्थियों को उच्च अध्ययन और रोजगार नियोजन के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। समयबद्ध परिणामों से छात्रों का मनोबल भी बढ़ेगा। कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि परीक्षा विभाग की छात्रों को न्यायसंगत और समयबद्ध परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि शीघ्र परीक्षा परिणाम न केवल छात्रों को राहत देंगे, बल्कि उनके अकादमिक और व्यावसायिक भविष्य को बेहतर बनाने में भी सहायक साबित होंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम के अनुसार 43 अभियंत्रिकी महाविद्यालयों के बीटेक मुख्य परीक्षा-2026 में कुल 7315 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 7109 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। परीक्षा का कुल परिणाम 97.18 प्रतिशत रहा। वहीं बीटेक बैक परीक्षा-2026 में कुल 123 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 69 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और परिणाम 56.09 प्रतिशत दर्ज किया गया।
कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने कहा कि परीक्षा नियंत्रक और उनकी टीम ने जिस तत्परता और समर्पण के साथ कार्य किया है, वह सराहनीय है। यह उपलब्धि परीक्षा प्रशासन के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आरटीयू विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर संकल्पित है और परीक्षा विभाग को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. विवेक पांडे ने कहा कि आरटीयू शीघ्र परीक्षा परिणाम घोषित कर विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता दे रहा है और उन्हें तकनीकी शिक्षा में उज्ज्वल भविष्य निर्माण का अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप परीक्षा प्रक्रिया के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। सुधारात्मक बिंदुओं को शामिल करते हुए परीक्षा प्रणालियों को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है ताकि समय पर परिणाम घोषित कर विद्यार्थियों के हित सुरक्षित किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि परीक्षा विभाग के उत्कृष्ट प्रयासों को छात्रों, अभिभावकों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों से व्यापक प्रशंसा प्राप्त हुई है। आरटीयू का यह कदम तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में समयबद्ध और पारदर्शी परीक्षा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
