आरटीयू कोटा में अवनि जीवन केंद्र और हरित शोधपीठ का उद्घाटन
परिसर को जीवंत प्रयोगशाला बना ऊर्जा, जल व कचरा प्रबंधन पर कम लागत के तकनीकी समाधान विकसित किए जाएंगे।

आरटीयू कोटा के सभागार मंच पर अतिथि विजेता छात्र दल को प्रमाण पत्र प्रदान कर रहे हैं।
राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू), कोटा में बुधवार, 25 नवम्बर 2026 को पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 'अवनि जीवन केंद्र' (सेंटर फॉर सस्टेनेबिलिटी एंड सस्टेनेबल लिविंग) और इसके शोध प्रकोष्ठ 'हरित शोधपीठ' का उद्घाटन किया गया। कुलपति सचिवालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने की। इस पहल के तहत विश्वविद्यालय परिसर को जीवंत प्रयोगशाला के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां विद्यार्थी और शिक्षक मिलकर पर्यावरण संरक्षण तथा कम लागत वाले व्यावहारिक इंजीनियरिंग समाधानों पर काम करेंगे।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के राष्ट्रीय संयोजक श्री गोपाल आर्य मुख्य अतिथि और राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के प्रोजेक्ट सेल में अतिरिक्त मुख्य पर्यावरण अभियंता श्री भुवनेश माथुर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। विश्वविद्यालय के सह जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि अवनि जीवन केंद्र और हरित शोधपीठ के माध्यम से पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए विद्यार्थियों के व्यावहारिक शोध को प्रोत्साहित किया जाएगा।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. निमित चौधरी ने टूरिज्म और पर्यावरण अध्ययन का संदर्भ देते हुए कहा कि दुनिया अब केवल 'सस्टेनेबल' सोच तक सीमित नहीं है, बल्कि 'रीजेनरेटिव' यानी पुनर्जीवन की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने आरटीयू कोटा की विकास यात्रा को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि स्थापना के समय विश्वविद्यालय का परिसर बंजर पठार जैसा था, लेकिन निरंतर सामूहिक प्रयासों से आज यह राजस्थान के सबसे हरे-भरे परिसरों में शामिल है। विश्वविद्यालय परिसर अपनी लगभग 80 प्रतिशत स्वच्छ ऊर्जा स्वयं उत्पन्न कर रहा है।
मानव विकास क्रम का उल्लेख करते हुए प्रो. चौधरी ने कहा कि मानव इतिहास के 99.9 प्रतिशत कालखंड में मनुष्य प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर रहा और अनिश्चितताओं के बीच जीवन जीना सीखा। इसके विपरीत आधुनिक दौर, जो मानव इतिहास का 0.1 प्रतिशत समय है, उसमें तकनीक के सहारे प्रकृति को नियंत्रित करने की होड़ बढ़ी है। इससे मनुष्य की 'डिस्ट्रेस हैंडलिंग कोशेंट' यानी तनाव सहने की क्षमता कमजोर हुई है और मानसिक तनाव तथा बेचैनी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति से दोबारा जुड़ना केवल धरती का संतुलन बनाए रखने के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता के लिए भी जरूरी है।
मुख्य अतिथि श्री गोपाल आर्य ने 'HARIT' का अर्थ 'Holistic Action for Restoration of Indian Thoughts' अर्थात भारतीय चिंतन के पुनर्जागरण हेतु समग्र प्रयास बताया। उन्होंने गुरु नानक देव जी की वाणी 'पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महत' और गुरु जम्भेश्वर जी के संदेश 'सिर सांटे रूंख रहे तो भी सस्तो जाण' का स्मरण किया। उन्होंने बताया कि इसी संदेश से प्रेरित होकर अमृता देवी बिश्नोई और 363 लोगों ने खेजड़ली में बलिदान दिया था।
श्री आर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के तीन प्रमुख स्तंभ नीति (Policy), प्रशासन (Administration) और जन-भागीदारी (People's Action) हैं। इनमें जन-भागीदारी ऐसा पक्ष है, जिसके लिए प्रत्येक व्यक्ति स्वयं पहल कर सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण में सुधार तभी संभव है, जब लोगों की सोच बदले और हर व्यक्ति इस पर विचार करे कि वह कचरा उत्पन्न करने से कैसे बच सकता है।
सामूहिक प्रयासों की ताकत समझाते हुए उन्होंने कहा कि 'एक व्यक्ति, एक पेड़' के मंत्र को अपनाने से देश में 140 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए जा सकते हैं। इसी तरह प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन केवल 1 लीटर पानी बचाए तो रोजाना 140 करोड़ लीटर पानी की बचत संभव है। उन्होंने आगाह किया कि मनुष्य न तो पानी की एक बूंद बना सकता है और न ही हवा का एक अणु। वैश्विक पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रति व्यक्ति 422 पेड़ों की आवश्यकता है, जबकि दिल्ली जैसे महानगरों में तीन व्यक्तियों पर केवल एक पेड़ शेष है।
केंद्र की कार्ययोजना की जानकारी देते हुए प्रो. आनंद के. चतुर्वेदी ने बताया कि अवनि जीवन केंद्र और हरित शोधपीठ के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर की ऊर्जा, जल, कचरा प्रबंधन और जैव-विविधता प्रणालियों को विद्यार्थियों के व्यावहारिक शोध से जोड़ा जाएगा। इससे कैंपस की पर्यावरणीय चुनौतियों पर तकनीकी और कम लागत वाले समाधान विकसित करने की दिशा में काम होगा।
विशिष्ट अतिथि श्री भुवनेश माथुर ने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की प्रमुख पर्यावरणीय पहलों की जानकारी दी। उन्होंने औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ तकनीक के क्षेत्र में आरटीयू कोटा जैसे अग्रणी तकनीकी संस्थानों के साथ निरंतर साझेदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में 'RTU Campus LiFE Green Idea Challenge 2026' के विजेता छात्र दलों को अतिथियों ने सम्मानित किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर की ऊर्जा, जल और कचरा प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए कम लागत वाले व्यावहारिक इंजीनियरिंग मॉडल प्रस्तुत किए थे। प्रतियोगिता के नकद पुरस्कार और समर इंटर्नशिप का प्रायोजन आरटीयू के विद्यार्थियों द्वारा स्थापित डीप-टेक स्टार्टअप 'Curanex Pvt. Ltd.' ने किया। यह पहल विश्वविद्यालय में छात्र उद्यमिता के आत्मनिर्भर चक्र को भी दर्शाती है।
इस अवसर पर पूर्व छात्रों और विद्यार्थियों के सहयोग से परिसर में पेड़ों की देखभाल के लिए 'वृक्ष रक्षा' अभियान की शुरुआत भी की गई। अवनि जीवन केंद्र, हरित शोधपीठ, ग्रीन आइडियाथॉन और वृक्ष रक्षा अभियान के माध्यम से आरटीयू कोटा ने पर्यावरण संरक्षण, शोध, तकनीकी नवाचार और सामूहिक भागीदारी को विश्वविद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने की पहल की है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
