कोटा। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू), कोटा का पन्द्रहवां दीक्षांत समारोह 11 मार्च 2026 को स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल मैनेजमेंट (SIAM) सभागार, नयापुरा, कोटा में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 9237 विद्यार्थियों को डिग्रियाँ प्रदान की जाएंगी, जबकि 1 कुलाधिपति स्वर्ण पदक और 1 कुलपति स्वर्ण पदक सहित कुल 29 स्वर्ण पदकों का वितरण भी किया जाएगा। इसके साथ ही 34 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी।

समारोह में राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि सीएसआईआर-केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान, पिलानी के निदेशक डॉ. पी. सी. पंचारिया सम्माननीय अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रबन्ध मण्डल और विद्या परिषद के सदस्य, राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति, राजभवन के अधिकारी, विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, कुलसचिव, विभिन्न संबद्ध महाविद्यालयों के चेयरमैन, निदेशक और प्राचार्य सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, संकाय सदस्य, शिक्षाविद, विद्यार्थी, अभिभावक, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और आमंत्रित विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण, अनुसंधान और उद्योगोन्मुखी पाठ्यक्रमों के माध्यम से विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रहा है। संस्थान ने तकनीकी दक्षता के साथ नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और शोध के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। स्थापना से अब तक विश्वविद्यालय हजारों मेधावी इंजीनियर, प्रबंधक और शोधार्थी तैयार कर चुका है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने बताया कि पन्द्रहवें दीक्षांत समारोह में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक) की 7319, बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बीआर्क) की 65, मास्टर ऑफ आर्किटेक्चर (एमआर्क) की 1, मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (एमटेक) की 643, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की 905, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) की 270 तथा पीएचडी की 34 सहित कुल 9237 उपाधियों का वितरण माननीय राज्यपाल द्वारा किया जाएगा। इनमें 7022 छात्र और 2215 छात्राएँ शामिल हैं।

समारोह में कुलाधिपति स्वर्ण पदक आर्या कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी, जयपुर की एमबीए छात्रा निकिता जैन को प्रदान किया जाएगा, जबकि कुलपति स्वर्ण पदक आर्या कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी, जयपुर के बीटेक छात्र विष्णु मीणा को दिया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक) के 17, बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बीआर्क) का 1, मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (एमटेक) के 7, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) में 1 और मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) का 1 गोल्ड मेडल शामिल है। कुल 29 स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 12 छात्र और 17 छात्राएँ शामिल हैं।

दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल 34 विद्यार्थियों को पीएचडी की डिग्रियाँ प्रदान की जाएंगी, जिनमें अभियांत्रिकी संकाय के 24, प्रबंधन संकाय के 06 और कम्प्युटर एप्लीकेशन संकाय के 04 शोधार्थी शामिल हैं। इन शोधार्थियों में 22 छात्र और 12 छात्राएँ सम्मिलित हैं।

समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न सम्बद्ध महाविद्यालयों के चेयरमैन, निदेशक और प्राचार्य, विश्वविद्यालय प्रबंधन मंडल तथा विद्या परिषद के सदस्य, राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, लोकभवन के अधिकारी, विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी, संकाय सदस्य, शिक्षाविद, विद्यार्थी, उनके अभिभावक, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और आमंत्रित विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे।

पत्रकार वार्ता के दौरान कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी के साथ विश्वविद्यालय की कुलसचिव भावना शर्मा, दीक्षांत समारोह के समन्वयक प्रो. विवेक पांडेय, प्रो. दिनेश बिरला, प्रो. ए. के. चतुर्वेदी और जनसंपर्क अधिकारी डॉ. हरीश शर्मा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय अधिकारियों ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों और विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के संबंध में मीडिया प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी। यह समारोह न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करेगा, बल्कि तकनीकी शिक्षा में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय की बढ़ती प्रतिष्ठा और योगदान को भी रेखांकित करेगा।

Updated On
Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story