राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोटा का शिक्षा वर्ग प्रकट समारोह संपन्न
कोटा में आयोजित 15 दिवसीय आरएसएस शिक्षा वर्ग के समापन पर मुख्य वक्ताओं ने चरित्र निर्माण और राष्ट्र सर्वोपरि के विचार पर बल दिया।

कोटा के महावीर नगर में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शिक्षा वर्ग प्रकट समारोह के दौरान मंच पर आसीन मुख्य अतिथि मधु कासलीवाल और अन्य पदाधिकारी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, चित्तौड़ प्रांत एवं कोटा महानगर द्वारा स्वामी विवेकानंद विद्यालय, महावीर नगर तृतीय में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग (तरुण व्यवसायी एवं विशेष वर्ग) का प्रकट समारोह संपन्न हुआ। समारोह में कोटा ब्लड बैंक सोसायटी की संस्थापक सदस्य श्रीमती मधु कासलीवाल मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम में तरुण व्यवसायी वर्ग के सर्वाधिकारी ललित शारदा, विशेष वर्ग के सर्वाधिकारी प्रो. मोहन लाल साहु, महानगर संघचालक गोपाल लाल गर्ग तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, राजस्थान क्षेत्र के बौद्धिक प्रमुख श्रीकांत मंचासीन रहे।
मुख्य अतिथि मधु कासलीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले 100 वर्षों से समाज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में राष्ट्रसेवा और चरित्र निर्माण का कार्य कर रहा है। संघ ने अनुशासन, संगठन और सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है। स्वयंसेवकों द्वारा निस्वार्थ भाव से किए जा रहे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह के मुख्य वक्ता क्षेत्रीय बौद्धिक प्रमुख श्रीकांत ने कहा कि किसी राष्ट्र की ऊँचाई महलों, मीनारों या पर्वतों से नहीं मापी जा सकती और उसकी गहराई कुओं, तालाबों तथा समुद्रों से नहीं आंकी जा सकती। राष्ट्र की वास्तविक ऊँचाई मजबूत मन और उसकी गहराई संवेदनशील हृदय से मापी जाती है। उन्होंने कहा कि संघ कार्य स्वामी विवेकानंद के सपनों को साकार करने वाला कार्य है। संघ में स्वयंसेवक केवल बोलता नहीं, बल्कि धरातल पर कार्य करके दिखाता है। आजादी आंदोलन, विस्थापितों को स्थापित करने के प्रयास, कश्मीर के विलय का समय तथा 10 सितम्बर 1947 को दिल्ली में विप्लव करने की योजना जैसे अनेक राष्ट्रीय प्रसंगों में स्वयंसेवकों ने राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ का विचार जन-जन के हृदय में स्थापित करने वाले गुरुजी हिंदुत्व के प्रमुख प्रवर्तकों में से एक रहे।
श्रीकांत ने कहा कि संघ ने अब समाज परिवर्तन में अपनी सक्रिय भूमिका को और व्यापक किया है। इसके लिए पंच परिवर्तन के पांच प्रमुख विषय कुटुम्ब प्रबोधन, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य तथा सामाजिक समरसता निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संघ अपनी गतिविधियों के माध्यम से क्रांतिकारियों के सपनों को साकार करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से एक-एक पुरुष और मातृशक्ति को राष्ट्र कार्य में सक्रिय सहयोग देने तथा बच्चों को नियमित शाखाओं में भेजने का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य के लिए संस्कारवान पीढ़ी यहीं से तैयार होगी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग विशेष एवं तरुण व्यवसायी वर्ग में उद्यमी शैलेंद्र गुप्ता तथा कबीर आश्रम के संत प्रभाकर का सानिध्य प्राप्त हुआ। वर्ग में चित्तौड़ प्रांत के 14 प्रशासनिक तथा संघ दृष्टि से 27 जिलों के 130 स्थानों से 150 शिक्षार्थियों ने देश सेवा की साधना के उद्देश्य से भाग लिया। इनमें 62 अध्यापक, 3 अधिवक्ता, 12 चिकित्सक, 39 निजी व्यवसायी, एक प्रशासनिक अधिकारी, 3 अभियंता, 24 निजी कर्मचारी और 3 किसान शामिल रहे।
वर्ग संचालन में 52 प्रबंधकों एवं 30 बस्तियों से जुड़े 120 सुरक्षा कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं दीं। प्रशिक्षण के दौरान सेवा बस्तियों, गौ सेवा तथा परिवारों से संपर्क का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। शिक्षार्थियों को अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य भैयाजी जोशी, वरिष्ठ प्रचारक दुर्गादास, क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, क्षेत्र कार्यवाह जशवंत खत्री, क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह, प्रांत कार्यवाह शंकर माली तथा प्रांत प्रचारक मुरलीधर का मार्गदर्शन एवं सानिध्य प्राप्त हुआ।
वर्ग परिसर में भारतीय संविधान, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण के 1000 वर्ष, संत रविदास के जीवन-दर्शन, भारतीय धर्मग्रंथों तथा संघ के शताब्दी वर्ष से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई। वर्ग कार्यवाह नारायण लाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह में 90 बस्तियों के 3200 परिवारों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रतिदिन लगभग 7500 भोजन पैकेट तैयार करने वाली मातृशक्ति के समर्पण को विशेष रूप से नमन किया गया। सामाजिक समरसता सहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और संस्कार आधारित समाज निर्माण के संघ के व्यापक दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण प्रतिबिंब बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
