कोटा, 31 जुलाई। हरियाली तीज के उल्लास और पारंपरिक रंगों से सराबोर माहौल में रोटरी क्लब कोटा द्वारा आयोजित "लहरिया के रंग तीज के संग" कार्यक्रम उत्साह और सांस्कृतिक उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्लब की 200 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर सावन और तीज के पर्व का उत्सव मनाया। आयोजन के दौरान आयोजित तीज क्वीन प्रतियोगिता में चंचल अग्रवाल ने तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया।

महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष कीर्ति खींची ने बताया कि तीज क्वीन प्रतियोगिता के तहत महिलाओं ने आकर्षक रैंपवॉक किया। प्रतियोगिता में चंचल अग्रवाल तीज क्वीन चुनी गईं, जबकि उषा सोलंकी ने तीज क्वीन रनर-अप और बेस्ट ज्वेलरी का खिताब जीता। इसके अलावा बेस्ट वेस्टर्न का पुरस्कार रचना ग्वालानी, बेस्ट हेयर स्टाइल का सम्मान स्वाति मंगल तथा बेस्ट मेहंदी का पुरस्कार दीपिका लोढ़ा को प्रदान किया गया।

महिला प्रकोष्ठ सचिव संवेदना चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान तीज रील बनाओ प्रतियोगिता, मनोरंजक ग्रुप गेम्स, ज्वेलरी गेम्स, प्रोप गेम्स और स्पेशल तीज हाऊसी का आयोजन किया गया। विशेष रूप से तैयार किया गया फोटो बूथ और सावन झूला महिलाओं के आकर्षण का केंद्र रहे। प्रतिभागियों ने विभिन्न फिल्मी गीतों पर तीज नृत्य की प्रस्तुतियां दीं तथा पारंपरिक तीज गीत गाकर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। आयोजन के अवसर पर सभी महिलाओं को घेवर भेंट किए गए।

महिला प्रकोष्ठ कोषाध्यक्ष अर्चना मूंदड़ा ने बताया कि महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपने हाथों पर सुंदर मेहंदी सजाई। पूर्व अध्यक्ष वैशाली भार्गव एवं वरिष्ठ सदस्यों ने पारंपरिक लहरिया पोशाकें धारण कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। महिलाओं की चार टीमों का गठन कर सावन थीम आधारित गीतों की अंताक्षरी भी आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं के निर्णायक डॉ. रेनू सिंह एवं तृप्ति जैन ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

लहरिया महोत्सव की प्रोजेक्ट टीम में पूजा मित्तल, सिम्मी गोयल, संगीता झंवर, श्रद्धा ठाकुर, मीना कंवर, ऋचा गुप्ता, रीना शर्मा, सिम्मी गोयल एवं अमिता जैन ने सभी उपस्थित महिलाओं का स्वागत किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सचिव संवेदना चौधरी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि मंच संचालन नीता डांगी ने किया। आयोजन ने हरियाली तीज की पारंपरिक संस्कृति, महिला सहभागिता और सामाजिक सौहार्द को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story