कोटा, 26 फरवरी। रोटरी फेलोशिप के तहत थाईलैंड के खूबसूरत शहर पटाया में आयोजित फ्लैग एक्सचेंज कार्यक्रम में रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ के 11 सदस्य शामिल हुए। इस विशेष अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन रोटरी क्लब पटाया द्वारा किया गया, जहाँ दोनों देशों के रोटेरियंस ने मित्रता और सहयोग की नई इबारत लिखी।

कोचिंग सिटी के साथ पर्यटन का नया केंद्र बन रहा कोटा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष विनय अग्निहोत्री ने शानदार मेजबानी के लिए रोटरी क्लब पटाया का आभार जताया। उन्होंने पटाया सहित अन्य क्लबों के रोटेरियंस को कोटा आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि "आज कोटा भारत के पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभरता शहर है।" अग्निहोत्री ने आगे कहा कि कोटा जहाँ एक ओर “कोचिंग सिटी” के रूप में देशभर में पहचान रखता है, वहीं दूसरी ओर पर्यटन के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने खास तौर पर चंबल रिवर फ्रंट, कोटा सिटी पार्क और कोटा टाइगर सफारी का उल्लेख करते हुए कहा कि ये स्थान देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जब पटाया के रोटेरियन कोटा आएंगे तो यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि भारत और थाईलैंड की संस्कृतियों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम बनेगी।

पटाया क्लब जल्द करेगा कोटा में फेलोशिप कार्यक्रम

रोटरी क्लब पटाया के प्रेसिडेंट इलेक्ट टोबियास जेडस्टेड ने अपने संबोधन में गहरी खुशी जताते हुए कहा कि कोटा नॉर्थ क्लब का आमंत्रण स्वीकार कर कार्यक्रम में शामिल होना दोनों क्लबों के रिश्तों को और मजबूत करेगा। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही रोटरी क्लब पटाया, कोटा में एक फेलोशिप कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिसमें कोटा नॉर्थ क्लब का सहयोग अपेक्षित रहेगा। साथ ही उन्होंने भविष्य के लिए प्रस्तावित स्कॉलरशिप कार्यक्रम में भी सहयोग की उम्मीद जताई।

दोनों क्लबों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अंतरराष्ट्रीय मेल-मिलाप के दौरान कोटा नॉर्थ की ओर से सचिव डॉ. आर.बी. गुप्ता, प्रेसिडेंट इलेक्ट प्रवीण गुप्ता, डॉ. अरुण उपाध्याय, सुभाष गुप्ता, ओम जैन, मनीष बंसल, धीरेंद्र चौधरी, रवि मंडलोई, चंद्रप्रकाश मीणा एवं प्रमोद मीणा उपस्थित रहे। वहीं पटाया क्लब का प्रतिनिधित्व पूर्व प्रेसिडेंट नील्स कोलोव (वर्तमान सेक्रेटरी), पूर्व प्रेसिडेंट स्टीफन डेवेरेक्स, रोटेरियन कोमल अग्रवाल, ओलिवर एंजेल, थांट स्टीवन मायो और सीन मैकार्थी ने किया।

झंडों का आदान-प्रदान और भारतीय भोजन से आत्मीय स्वागत

कार्यक्रम के अंत में दोनों क्लबों ने एक-दूसरे को क्लब ध्वज भेंट कर फ्लैग एक्सचेंज की औपचारिकता निभाई। इसके बाद रोटरी क्लब पटाया ने कोटा से आए सभी रोटेरियंस का गर्मजोशी से स्वागत किया और भारतीय भोजन के साथ आत्मीय सत्कार किया, जिससे विदेशी धरती पर भी अपनेपन का अहसास हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story