रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ ने रामपुरा कोतवाली में पुलिसकर्मियों को भेंट किए कूलर
भीषण गर्मी के मद्देनजर रोटरी क्लब और रेड क्रॉस सोसाइटी ने पुलिसकर्मियों और आमजन की सुविधा के लिए दो बड़े कूलर उपलब्ध कराए।

रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा कोटा के रामपुरा कोतवाली में पुलिसकर्मियों को कूलर भेंट करते हुए (बाएं से दाएं): पुलिसकर्मी, क्लब सदस्य, राजेश कृष्ण बिड़ला, क्लब पदाधिकारी और अन्य उपस्थित लोग।
कोटा, 3 जून। भीषण गर्मी और उमस के इस दौर में जहां आमजन के साथ-साथ दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटे पुलिसकर्मी भी बेहाल हैं, वहीं रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ ने अपनी सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रामपुरा कोतवाली में दो बड़े कूलर भेंट कर राहत पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।
इस सेवा कार्य के मुख्य अतिथि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिड़ला रहे। रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ के अध्यक्ष रोटे. विनय अग्निहोत्री एवं सचिव रोटे. डॉ. आर.बी. गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि रामपुरा कोतवाली प्रशासन ने क्लब को अवगत कराया था कि गर्मी के इन दिनों में थाने में आने वाले आम नागरिकों और दिन-रात जनता की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को भीषण गर्मी के कारण भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मानवीय आवश्यकता को गंभीरता से महसूस करते हुए क्लब ने अविलंब दो बड़े कूलर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश कृष्ण बिड़ला ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ सदैव समाज की जरूरतों को समझकर सेवा के नए आयाम स्थापित करता आया है। जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है और आज का यह कार्य उसी भावना का एक जीवंत उदाहरण है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जब सामाजिक संस्थाएं और प्रशासन कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई मिसालें स्थापित होती हैं। इस अवसर पर बिड़ला ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से पुलिसकर्मियों को डिनर सेट भी भेंट किए तथा उनके कठिन परिश्रम एवं समर्पण की मुक्त कंठ से सराहना की।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोटे. अनुराग अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में स्पष्ट किया कि समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं को समझना और यथासंभव सहयोग प्रदान करना ही रोटरी का मूल उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये कूलर थाने में आने वाले नागरिकों और पुलिसकर्मियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान रामपुरा कोतवाली में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रोटरी क्लब कोटा नॉर्थ तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के इस सहयोगात्मक पहल के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
