रोटरी क्लब कोटा ने नए सत्र की शुरुआत की, स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहेगा जोर
नवनियुक्त अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची के नेतृत्व में क्लब ने साल भर के सेवा कार्यों की कार्ययोजना जारी की, जिसमें स्वास्थ्य और शिक्षा मुख्य केंद्र रहेंगे।

कोटा में रोटरी क्लब के सदस्य नई सेवा योजनाओं के ब्रोशर के साथ प्रेस वार्ता करते हुए।
कोटा, 1 जुलाई। समाज सेवा की 67 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए रोटरी क्लब कोटा ने वर्ष 2026-27 के नए सत्र का विधिवत् पूजन के साथ भव्य शुभारंभ किया है। नवनियुक्त अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची एवं सचिव मुकेश चौधरी अपनी नई टीम के साथ गुरुवार को पौधारोपण के उपरांत आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। इस गौरवमयी वर्ष को समाजहित में समर्पित करने का संकल्प लेते हुए रोटरी टीम ने आगामी वर्षभर की महत्वाकांक्षी सेवा योजनाओं की घोषणा की है।
अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची ने स्पष्ट किया कि क्लब कोटा की जनता के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के प्रति सदैव तत्पर रहा है। इस सत्र में भी जेके लोन अस्पताल के निकू-पीकू वार्ड, न्यू मेडिकल कॉलेज स्थित फिजियोथेरेपी सेंटर और देवनारायण रोटरी पब्लिक स्कूल जैसी स्थायी परियोजनाएं निरंतर संचालित रहेंगी। साथ ही, गोबरिया बावड़ी स्थित मानव सेवा हॉस्पिटल में क्लब द्वारा स्थापित छह डायलिसिस मशीनों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क डायलिसिस सेवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। निवर्तमान अध्यक्ष मनोज सोनी ने बताया कि देवनारायण रोटरी पब्लिक स्कूल में न्यूनतम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी शिक्षा प्रदान की जा रही है। स्कूल को कक्षा 10वीं तक क्रमोन्नत करने हेतु केडीए के सहयोग से एक अतिरिक्त मंजिल के निर्माण तथा विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान तैयार करने का आग्रह किया गया है।
इस वर्ष क्लब का मुख्य केंद्र बिंदु "रक्त जागृति अभियान" होगा। सचिव मुकेश चौधरी के अनुसार, नियमित रक्तदान शिविरों के अतिरिक्त युवाओं एवं आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे। क्लब प्रवक्ता संजय गोयल ने जानकारी दी कि सरकारी विद्यालयों में विशेष अभियान के तहत विद्यार्थियों को जंक फूड व फास्ट फूड के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। विद्यालयों में शुगर व नेत्र जांच शिविर, नेत्रदान व अंगदान कार्यशालाओं के साथ-साथ बालिकाओं के लिए सेनेटरी पैड, शौचालय निर्माण और वाटर कूलर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कोषाध्यक्ष घनश्याम मूंदड़ा ने पर्यावरण संरक्षण के तहत केवल पौधारोपण ही नहीं, अपितु उनके पूर्ण विकसित होने तक देखभाल और ट्री-गार्ड से सुरक्षा का जिम्मा उठाने की बात कही। महिला सशक्तिकरण की दिशा में सिलाई और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्रों की क्षमता 100 से बढ़ाकर 150 महिलाओं तक की जाएगी। साथ ही कैंसर जागरूकता, स्त्री रोग परामर्श, गर्भ संस्कार शिविर और स्वास्थ्य सेमिनार प्रति माह आयोजित होंगे।
सार्जेंट अनुपम शर्मा ने 'संबल 3' अभियान के माध्यम से हाडौती के गांव-गांव में प्रचार कर 10,000 दिव्यांगों को जयपुर फुट, कैलिपर्स, बैसाखी, व्हीलचेयर, ट्राई-साइकिल और सुनने की मशीनें निशुल्क उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। क्लब ट्रेनर मुकेश व्यास ने बताया कि रोटरी इंटरनेशनल से 40 से 50 लाख रुपये की ग्रांट के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे कोटा ब्लड बैंक सोसाइटी के सहयोग से अत्याधुनिक इलेक्ट्रोफेरिस उपकरण, स्वचालित एलिसा रीडर और थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए उच्च क्षमता का कोल्ड स्टोरेज स्थापित किया जाएगा। यह व्यापक सेवा योजनाएं रोटरी क्लब कोटा की समाज के प्रति प्रतिबद्धता और व्यापक दृष्टिकोण को रेखांकित करती हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
