कोटा। राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कोटा में बुधवार को विशेष सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर तालाब की पाल स्थित बस स्टैंड पर आयोजित किया गया, जिसमें परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस, कोटा सड़क सुरक्षा समिति, लायंस क्लब कोटा टेक्नो और मिश्रा ऑप्टीकल ने संयुक्त रूप से सहयोग प्रदान किया।

शिविर में कुल 102 वाहन चालकों, सहायक चालकों, यात्रियों और अन्य नागरिकों की नेत्र जांच की गई। कोटा सड़क सुरक्षा समिति के उप सचिव भुवनेश गुप्ता ने बताया कि लगभग 70 प्रतिशत लोगों में नेत्र ज्योति से संबंधित दोष पाए गए, जो सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों की दृष्टि संबंधी समस्याएं न केवल उनकी स्वयं की सुरक्षा बल्कि यात्रियों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं।

इस अवसर पर प्रादेशिक परिवहन अधिकारी मनीष शर्मा ने सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन की सलाह दी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वाहन चालकों को समय-समय पर अपनी आंखों की जांच कराना अनिवार्य है, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

कार्यक्रम में परिवहन विभाग की ओर से अवधेश डांगी, मुकेश शर्मा, दिलीप सिंह गुर्जर, खेम सिंह और कोटा सड़क सुरक्षा समिति की ओर से तनु जोशी तथा धीरेन्द्र जोशी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। डांगी ने कहा कि इस तरह के आयोजन आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह शिविर न केवल वाहन चालकों को नेत्र स्वास्थ्य के महत्व के प्रति सचेत करता है, बल्कि सड़क सुरक्षा सुधार और दुर्घटनाओं की रोकथाम में भी अहम योगदान देता है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story