रश्मि नागर बनीं नखराली गणगौर क्वीन, कोटा में धाकड़ समाज का भव्य महोत्सव संपन्न
कोटा के धरणीधर गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में विवाहित और बालिका श्रेणियों में प्रतियोगिताएं हुईं, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता विष्णु नागर का अभिनंदन किया गया।

श्री धाकड़ महासभा महिला इकाई (कोटा शहर एवं देहात) के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय धरणीधर गार्डन में 'नखराली गणगौर 2026' महोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। पारंपरिक वेशभूषा, सुमधुर लोक गीतों और उत्सव के अपार उल्लास के बीच आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने अपनी कला, संस्कृति और प्रतिभा का अनूठा प्रदर्शन कर समां बांध दिया।
कार्यक्रम की संयोजक गुंजन नागर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धाकड़ महासभा महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री नागर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में स्नेहलता मालव, आशा नागर, शरणलता मेहता, वंदना एडवोकेट और सीमा नागर (उपप्रधान मांगरोल) ने सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
प्रतियोगिताओं के विवरण के अनुसार, 'नखराली गणगौर क्वीन' (विवाहित वर्ग) की कड़ी प्रतिस्पर्धा में रश्मि नागर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया, जबकि प्रिया नागर द्वितीय स्थान पर रहीं। 'एवरग्रीन गणगौर क्वीन' (46 वर्ष से अधिक आयु वर्ग) की श्रेणी में किरण नागर ने प्रथम एवं सुमित्रा नागर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इनके अतिरिक्त ममता, प्रीति, वंदना, विष्णु और चाहत नागर ने भी विभिन्न श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
आयोजक जिला अध्यक्ष कोटा देहात विष्णु नागर एवं जिला अध्यक्ष कोटा शहर तृप्ति नागर ने बताया कि नन्ही बालिकाओं के लिए आयोजित 'गणगौर प्रिंसेस' (5 से 12 वर्ष) स्पर्धा में दिविषा नागर प्रथम व दृष्टि नागर द्वितीय रहीं, वहीं 12 से 20 वर्ष की श्रेणी में इशिका नागर ने प्रथम स्थान हासिल किया। रचनात्मक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत मेहंदी स्पर्धा में इशिका नागर प्रथम व विष्णु नागर द्वितीय रहीं। गणगौर थाली सजावट में प्रीति और मीना संयुक्त रूप से प्रथम एवं प्रीति द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि गणगौर ज्वेलरी प्रतियोगिता में संजू नागर विजेता घोषित की गईं। निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका नीलम विजय, नीता डांगी, अनीता मीणा और लक्की चांदना ने कुशलतापूर्वक निभाई।
इस अवसर पर एक विशेष उपलब्धि का उत्सव भी मनाया गया। कोटा देहात जिला अध्यक्ष और ग्राम पंचायत सुमर की वर्तमान प्रशासक विष्णु नागर को भारत सरकार द्वारा 'राष्ट्रीय जल जीवन महोत्सव' में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने पर महिला कार्यकारिणी द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। समाज की महिलाओं ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए उनकी इस उपलब्धि को संपूर्ण धाकड़ समाज के लिए गौरव का विषय बताया।
कार्यक्रम के समापन पर गुंजन नागर ने समस्त अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प दोहराया। इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में आरती, सह संयोजक सीमा बड़ोद, भुलेश, ज्योति, विद्या, राधिका, संजना, भावना, रानी, प्रियंका सहित महिला इकाई की पूरी टीम का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
