हाड़ौती की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अछूते पर्यटन स्थलों और रोमांचकारी एडवेंचर गतिविधियों को वैश्विक पटल पर स्थापित करने के उद्देश्य से शिक्षा नगरी कोटा में आगामी 5 से 7 सितंबर 2026 तक 'रणोउत्सव 3.0' का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया गया है। यह आयोजन न केवल हाड़ौती के पर्यटन और संस्कृति को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, बल्कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र की एक विशिष्ट पहचान भी कायम करेगा।

इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए जयपुर से आयोजन की राज्यस्तरीय टीम के सदस्य गौरव सोनी, प्रवीण बिष्ट तथा कोटा से वेद चौधरी, जितेंद्र बेदी, सुखविंदर सिंह जग्गू एवं पंकज पुरसवानी ने बताया कि यह प्रतिष्ठित उत्सव प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इससे पूर्व जयपुर और अजमेर-पुष्कर में इसके सफल संपादन के उपरांत तीसरा संस्करण उदयपुर में प्रस्तावित था, किंतु होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (कोटा डिवीजन) के विशेष प्रयासों और सक्रिय सहयोग के चलते अब इसकी मेजबानी का गौरव कोटा को प्राप्त हुआ है।

उत्सव की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें भारत सहित कनाडा, रूस, इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर जैसे देशों के लगभग 150 मोटोसाइकिल राइडर्स शिरकत करेंगे। ये राइडर्स अंतरराष्ट्रीय स्तर की भारी-भरकम मोटरसाइकिलों पर हजारों किलोमीटर का सफर तय कर कोटा पहुंचेंगे। उनके साथ ही 30 से अधिक ऐसे प्रभावशाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी शामिल होंगे, जिनकी पहुंच लाखों फॉलोअर्स तक है। प्रवास के दौरान ये सभी प्रतिभागी हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे और 'रील्स' व अन्य डिजिटल माध्यमों से इसका सजीव प्रचार-प्रसार कर वैश्विक स्तर पर एक बड़ी 'रीच' पैदा करेंगे।

आयोजन के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन करते हुए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने इसे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बाहरी पर्यटकों की संख्या में गुणात्मक वृद्धि होगी और सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता भी बढ़ेगी। माहेश्वरी ने यह भी स्पष्ट किया कि फेडरेशन के निरंतर प्रयासों के चलते अब राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) के टूर पैकेज में हाड़ौती को सम्मिलित कर लिया गया है। साथ ही, प्रमुख ट्रैवल कंपनियों के माध्यम से आगरा, भरतपुर और रणथंभौर के साथ हाड़ौती को जोड़ते हुए एक स्वतंत्र 'पर्यटन आइटनरी' भी तैयार की जा रही है, जिसमें कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के आकर्षण समाहित होंगे।

इतना ही नहीं, आगामी सितंबर माह में ही कोटा में राज्य स्तरीय टेंट डीलर्स का तीन दिवसीय अधिवेशन भी आयोजित होगा, जिसमें देशभर के व्यवसायी भाग लेंगे। हाल के दिनों में कोटा में संपन्न हुई राष्ट्रीय स्तर की बिजनिस मीट, डॉक्टर्स कॉन्फ्रेंस और विभिन्न सामाजिक आयोजनों ने भी पर्यटन को संबल दिया है। कोचिंग संस्थानों के माध्यम से छात्रों और उनके अभिभावकों को भी पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जा रही है। अशोक माहेश्वरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सत्र में कोचिंग छात्रों की बढ़ती संख्या न केवल शैक्षणिक विकास बल्कि पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था के लिए भी अत्यंत शुभ संकेत है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story