कोटा के रंगपुर रेलवे ओवरब्रिज पर नगर निगम की बस की चपेट में आने से मजदूरी कर घर लौट रहे मजदूर धीरज कुमार वर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की पुरजोर मांग की है।

रंगपुर रेलवे ओवरब्रिज पर आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मनोज दुबे ने पुलिया पर यातायात व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने की मांग उठाई है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि रंगपुर पुलिया पर यातायात व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

मनोज दुबे ने कहा कि रंगपुर पुलिया पर आए दिन इस तरह की घातक दुर्घटनाएं घटती रहती हैं, जिनमें अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। तेज गति से गुजरने वाले भारी वाहन आए दिन बेकसूर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इसके बावजूद रंगपुर पुलिया पर यातायात प्रबंधन का शून्य होना घोर निंदनीय एवं बेहद शर्मनाक है।

स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि रंगपुर पुलिया पर पुलिस आए दिन केवल वाहनों का चालान काटती देखी जा सकती है, लेकिन यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के नाम पर वहां एक भी पुलिसकर्मी तैनात नहीं रहता। पुलिया पर दिन के समय भी भारी वाहनों का अत्यधिक आवागमन बना रहता है।

मनोज दुबे ने आगे कहा कि रंगपुर रेलवे ओवरब्रिज पर हुई दुर्घटनाओं में न केवल आम नागरिक, बल्कि कई पुलिसकर्मी भी अपनी जान गंवा चुके हैं। इन हादसों ने कई माताओं की गोद सूनी कर दी, कई महिलाओं का सिंदूर छीन लिया और कई बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए हटा दिया। इसके बाद भी सरकार और स्थानीय प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। उन्होंने प्रशासन को चेताया है कि अविलंब यातायात व्यवस्था दुरुस्त न किए जाने पर उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story