कोटा के रायपुरा स्थित मंच पर आयोजित 'रैम्प एक्स राजस्थान 2026' ने फैशन, आत्मविश्वास और युवा प्रतिभा का एक अत्यंत आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत किया। इस भव्य प्रतियोगिता में राजस्थान सहित देश के विभिन्न शहरों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के समापन पर घोषित परिणामों में मिस्टर रैम्प एक्स राजस्थान 2026 का प्रतिष्ठित खिताब आशु उर्फ अशरफ अंसारी ने अपने नाम किया, जबकि मिस रैम्प एक्स राजस्थान का ताज दीपशिखा मीणा के सिर सजा। मिसेज रैम्प एक्स राजस्थान के रूप में प्रगति राठौर और जूनियर रैम्प एक्स राजस्थान के विजेता के तौर पर ओजस्वी वर्मा ने अपनी चमक बिखेरी।

कार्यक्रम के आयोजक ए.वी. कोखर (मलिक सर) ने बताया कि इस प्रतियोगिता में दिल्ली, जयपुर, अलवर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ तथा संपूर्ण हाड़ौती क्षेत्र के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अंतिम दौर में प्रत्येक श्रेणी से 15-15 मॉडल्स का चयन किया गया। प्रतिस्पर्धा के अन्य परिणामों में मिस्टर श्रेणी में जोनी (चित्तौड़गढ़) प्रथम रनर-अप और अर्णव द्वितीय रनर-अप रहे। मिस श्रेणी में जारा आदिवाल एवं दिव्या वैष्णव, मिसेज श्रेणी में ज्योति शर्मा एवं रहनुमा जी, जबकि जूनियर वर्ग में हिमांश मीणा एवं आरंभ गुप्ता ने क्रमशः रनर-अप का स्थान हासिल किया।

आयोजन में सरप्राइज अवॉर्ड्स के अंतर्गत भूमि ने मिस कोटा, पूजा प्रजापति ने मिसेज कोटा, शौर्य वैष्णव ने मिस्टर कोटा तथा उर्वी जैन ने जूनियर मिस कोटा का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा को सिद्ध किया। कार्यक्रम का मूल्यांकन जूरी सदस्य दिव्या आरिता, भुवनेश वैष्णव, ज्योति शर्मा और जसप्रीत कौर ने किया, जबकि मंच का कुशल संचालन इल्ला शेख ने एवं प्रोग्राम हेड की महत्वपूर्ण भूमिका वैभव गुप्ता ने निभाई। 'रैम्प एक्स राजस्थान 2026' ने न केवल ग्लैमर की दुनिया को नई प्रतिभाएं प्रदान कीं, बल्कि राजस्थान की युवा शक्ति के आत्मविश्वास और मंच प्रदर्शन को एक नई ऊंचाई प्रदान करते हुए इस आयोजन को यादगार बना दिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story