कोटा। अनंत रिसॉर्ट को दिए गए विशेष पैकेज और निवेश संबंधी फैसलों को लेकर उठे सवालों के बीच कोटा शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर राजनीतिक द्वेष के चलते अनर्गल आरोप लगाने के बजाय मुख्यमंत्री को अपने कार्यकाल का हिसाब प्रदेश की जनता के सामने रखना चाहिए। राखी गौतम ने अनंत रिसॉर्ट को दिए गए विशेष पैकेज और निवेश संबंधी फैसलों की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग भी की।

4 नवंबर 2026 को जारी बयान में राखी गौतम ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपनी विफलताओं और जनहित से जुड़े गंभीर सवालों से ध्यान हटाने के लिए प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की छवि खराब करने का राजनीतिक प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा यदि अपने आरोपों को लेकर आश्वस्त हैं तो धमकी देने और बयानबाजी करने के बजाय संबंधित तथ्यों एवं दस्तावेजों को सार्वजनिक करें। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अनंत रिसॉर्ट को विशेष पैकेज दिए जाने और निवेश संबंधी फैसलों को लेकर जो सवाल उठाए हैं, उनका जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए।

राखी गौतम ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री की भूमिका और निवेश बोर्ड के अध्यक्ष पद को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में सरकार को इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच सीबीआई से करवानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार निष्पक्ष जांच चाहती है तो सीबीआई जांच कराने में उसे क्या परेशानी है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ किसानों, युवाओं, महिलाओं और आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। भाजपा सरकार को राजनीतिक दुर्भावना से आरोप लगाने के बजाय यह बताना चाहिए कि वर्तमान कार्यकाल में प्रदेश की जनता के लिए अब तक कौन से ठोस काम किए गए हैं।

राखी गौतम ने कहा कि किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। मुख्यमंत्री को समझना चाहिए कि लोकतंत्र में विपक्ष का दायित्व सरकार से सवाल पूछना है और सरकार की जिम्मेदारी उन सवालों का जवाब देना है।

उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें सवाल उठाने वालों को भ्रष्टाचार का झूठा आरोप लगाकर हाथ कटवाने जैसा धमकी भरा बयान देने की बात कही गई। राखी गौतम ने कहा कि इस तरह की भाषा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को शोभा नहीं देती। यदि सरकार पाक-साफ है तो उसे प्रत्येक आरोप की निष्पक्ष जांच सीबीआई से करवाकर सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए।

अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीतिक दबाव, धमकियों और बदले की भावना से की जाने वाली कार्रवाई से डरने वाली नहीं है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करने के बजाय प्रदेश की जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जवाबदेह और जनहित में काम करने वाली सरकार चाहिए।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story