"संवैधानिक पद की गरिमा तार-तार, भाजपा ले संज्ञान" : राखी गौतम
राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी, कोटा की अध्यक्ष राखी गौतम ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संवैधानिक पद की गरिमा, लोकतांत्रिक मर्यादा, स्त्री सम्मान और भाजपा के संगठनात्मक अनुशासन पर सवाल उठाते हुए पार्टी से कार्रवाई की मांग की।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी, कोटा की अध्यक्ष राखी गौतम ने राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर की गई अभद्र टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध और तीखी आलोचना पूरी तरह स्वीकार्य है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में अशालीन, अमर्यादित और स्त्री-विरोधी भाषा का कोई स्थान नहीं हो सकता।
राखी गौतम ने कहा कि शिक्षा मंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से जनता संयम, मर्यादा और सभ्य संवाद की अपेक्षा रखती है। उनका कहना है कि मंत्री के बयान ने न केवल उनके पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, बल्कि लोकतांत्रिक राजनीतिक संस्कृति को भी कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पर हमला करने के लिए महिलाओं से जुड़ी अपमानजनक उपमाओं का प्रयोग करना उन महिलाओं के प्रति भी असंवेदनशीलता दर्शाता है, जो आज भी सामाजिक, आर्थिक और लैंगिक विषमताओं से संघर्ष कर रही हैं।
उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक अनुशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस पार्टी ने वर्षों तक स्वयं को अनुशासन और संस्कार की पार्टी बताया, आज वही अपने नेताओं की लगातार अमर्यादित भाषा पर मौन है। उनके अनुसार भाजपा नेताओं के आए दिन सामने आने वाले स्तरहीन बयान अब चिंताजनक प्रवृत्ति बनते जा रहे हैं।
राखी गौतम ने मांग की कि भाजपा अपने नेताओं के लिए "सार्वजनिक शिष्टाचार और लोकतांत्रिक संवाद की कार्यशाला" आयोजित करे, जहां उन्हें यह सिखाया जाए कि राजनीतिक परिपक्वता का परिचय तर्क, तथ्यों और मर्यादित भाषा से दिया जाता है, न कि व्यक्तिगत कटाक्ष और अशोभनीय उपमाओं से।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा अनर्गल बोलने वाले नेताओं पर संज्ञान ले। ऐसे गैर-जिम्मेदार, असंवेदनशील और प्रशासनिक गरिमा के अनुरूप आचरण न करने वाले व्यक्तियों को राज्य के महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंपना प्रदेश के हित में नहीं है।
राखी गौतम ने कहा कि जब नेतृत्व ऐसी बयानबाजी पर न कार्रवाई करता है और न ही असहमति जताता है, तो यह संदेश जाता है कि यह अपवाद नहीं, बल्कि पार्टी की मौन स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता को अशालीन भाषा नहीं, बल्कि जवाबदेह और मर्यादित नेतृत्व चाहिए।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
