कोटा/सांगोद, 6 दिसंबर। पुरी (ओडिशा) के ऐतिहासिक समुद्री तट पर आयोजित ग्लोबल एनर्जी लीडर्स समिट 2025 में राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया। समिट की मुख्य थीम “पर्याप्तता, संतुलन और इनोवेशन” रही, जिसमें ऊर्जा क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों और भविष्य के समाधान पर व्यापक चर्चा हुई।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ऊर्जा आत्मनिर्भरता, ग्रीन ट्रांजिशन और नेट जीरो भविष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा 2030 तक 500 गीगावॉट ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें राजस्थान 125 गीगावॉट उत्पादन कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मंत्री नागर ने कहा, “राजस्थान अपनी ऊर्जा जरूरत को पूरा करने के साथ ही, देश की ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान भी करेगा। पुरी में जगन्नाथ भगवान इस संकल्प की पूर्ति में सहयोगी बनेंगे।”

उन्होंने पीक आवर्स में ऊर्जा की डिमांड को बड़ी चुनौती बताया और बैटरी स्टोरेज को इसका प्रभावी समाधान करार दिया। मंत्री नागर ने कहा कि राजस्थान में 6000 मेगावॉट बैटरी स्टोरेज के टेंडर जारी किए गए हैं, जिनमें से कुछ यूनिट्स चालू हैं और अन्य पाइपलाइन में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान सूर्य देव का राजस्थान पर अपार आशीर्वाद है, जहां रेतीले टीले अब ऊर्जा का सोना उगल रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में हाल ही में आयोजित समिट के दौरान 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए थे, जिनमें से 28 लाख करोड़ ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बनाई गई रिन्यूएबल एनर्जी पॉलिसी के माध्यम से निवेशकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

समिट का उद्घाटन ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने किया। इसमें केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी, ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव, दिल्ली एनसीटी के बिजली मंत्री आशीष सूद सहित वैश्विक प्रतिनिधि, नीति निर्माता और इनोवेटर्स ने भी भाग लिया।

इस समिट में राजस्थान की भागीदारी राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार, निवेश और सतत विकास की दिशा में अहम कदम के रूप में देखी जा रही है, जो आने वाले वर्षों में देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को और मजबूती प्रदान करेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story