रोहतक में आयोजित अंडर-23 नेशनल रेसलिंग चैम्पियनशिप में राजस्थान के पहलवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में राजस्थान ने 113 अंकों के साथ पहली बार देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। हरियाणा के रोहतक में हुई इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के पहले दिन महिला वर्ग के मुकाबलों में राजस्थान के खिलाड़ियों ने चार पदक अपने नाम किए। 68 किलोग्राम भार वर्ग में अश्विनी विश्नोई ने बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 50 किलोग्राम वर्ग में कोमल वर्मा ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा 57 किलोग्राम वर्ग में निशा सैनी तथा 72 किलोग्राम वर्ग में माया माली ने कांस्य पदक जीतकर राजस्थान की पदक तालिका को मजबूती प्रदान की।

राजस्थान राज्य कुश्ती संघ द्वारा पिछले डेढ़ वर्ष से प्रदेश में कुश्ती का मजबूत माहौल तैयार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अधिक अवसर और प्रदेश में नियमित टूर्नामेंट आयोजित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसी रणनीति का परिणाम है कि राजस्थान के युवाओं का कुश्ती के प्रति रुझान तेजी से बढ़ा है और वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

इस उपलब्धि पर राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है, लेकिन यह हमारी अंतिम मंजिल नहीं है। संघ का लक्ष्य केवल पदक जीतना ही नहीं, बल्कि प्रदेश में कुश्ती की एक ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में राजस्थान कुश्ती के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story