होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन विकास से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर जयपुर में राजस्थान पर्यटन विभाग की कमिश्नर रुकमणी रियार से शिष्टाचार भेंट की और कन्वर्जन नियमों में सरलीकरण सहित क्षेत्रीय पर्यटन विस्तार के लिए ठोस मांगें रखीं।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में हुए इस प्रतिनिधिमंडल ने स्थापित पर्यटन इकाइयों के कन्वर्जन से जुड़े नियमों में सरलीकरण एवं शिथिलता प्रदान किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कोटा संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हाड़ौती क्षेत्र में अनेक होटल एवं रिसॉर्ट इकाइयों को पर्यटन इकाइयों में शामिल किए जाने में जटिल नियमों एवं प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे निवेश और विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि इन नियमों को लचीला बनाया जाए ताकि ये इकाइयां राज्य सरकार द्वारा पर्यटन को दिए गए उद्योग के दर्जे का लाभ और छूट प्राप्त कर सकें।

प्रतिनिधिमंडल ने पिछले दो वर्षों से आयोजित हो रहे कोटा महोत्सव को राज्य के पर्यटन कैलेंडर में शामिल करने की भी मांग रखी। माहेश्वरी ने कहा कि इससे आयोजन का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार संभव होगा और अधिक संख्या में पर्यटक आकर्षित किए जा सकेंगे। साथ ही, हाड़ौती क्षेत्र के संतुलित पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए बारां जिले में पर्यटन कार्यालय खोलने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर निवेशकों को पर्यटन नीति से संबंधित जानकारी और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस दौरान होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान ने जनवरी 2026 में आयोजित कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट में राजस्थान पर्यटन विभाग की कमिश्नर रुकमणी रियार एवं उनकी टीम द्वारा तीन दिवसीय आयोजन में दिए गए पूर्ण सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी “कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2 (2027)” की प्रस्तावित कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।

कमिश्नर रुक्मणी रियार ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि पर्यटन विकास में आने वाली बाधाओं को दूर करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ किया जाएगा। यह पहल हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story