कोटा, 19 अप्रैल 2026। राजस्थान के पर्यटन मानचित्र पर हाड़ौती क्षेत्र को एक प्रमुख वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन ने एक ऐतिहासिक पहल शुरू की है। आगरा-भरतपुर-रणथंबोर पर्यटन सर्किट में कोटा और बूंदी को शामिल करने की इस योजना से आने वाले समय में क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि होने की प्रबल संभावना है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन एवं सवाई माधोपुर इकाई की महत्वपूर्ण बैठक में हाड़ौती के पर्यटन विकास को लेकर कई निर्णायक रणनीतियों पर सहमति बनी है।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने इस साझा प्रयास की जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके तहत शीघ्र ही सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन एवं उनकी टीम के साथ कोटा में एक वृहद संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में पर्यटकों के लिए संचालित आगरा-भरतपुर-रणथंबोर पैकेज को अब 8 दिवसीय विस्तारित पैकेज में बदलने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें कोटा और बूंदी को अनिवार्य रूप से समाहित किया जाएगा।

भारत के विख्यात "गोल्डन ट्रायंगल" सर्किट का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि आगरा आने वाले देशी-विदेशी पर्यटक भरतपुर और रणथंबोर तक का भ्रमण करते हैं। चूंकि वर्तमान में हाड़ौती को एक नई पसंदीदा डेस्टिनेशन के रूप में देखा जा रहा है, इसलिए इसे सर्किट से जोड़ने पर पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा। वर्तमान में यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय स्थलों की जमकर सराहना कर रहे हैं। अशोक माहेश्वरी ने भविष्य की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि इस पैकेज को 10 दिनों तक विस्तारित कर इसमें बारां और झालावाड़ को भी शामिल करने की योजना है, जिससे संपूर्ण हाड़ौती का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। इस पहल से सड़क और रेल कनेक्टिविटी में सुधार होगा तथा दिल्ली से आने वाले पर्यटकों को अल्प समय में अधिक स्थलों के भ्रमण का अवसर प्राप्त होगा।

इस बैठक में एक और दूरगामी निर्णय लिया गया, जिसके अंतर्गत सवाई माधोपुर और चित्तौड़गढ़ में ठहरने वाली शाही रेलगाड़ी, जो कोटा (गुड़ला) व बूंदी मार्ग से गुजरती है, उसका एक दिन का ठहराव कोटा और बूंदी में कराने हेतु विशेष प्रयास किए जाएंगे। इससे शाही रेल के पर्यटक भी हाड़ौती की गौरवशाली विरासत का अवलोकन कर सकेंगे। यह पहल कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के साथ-साथ सवाई माधोपुर को पर्यटन की मुख्यधारा से मजबूती से जोड़ेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में कोटा डिवीजन के सलाहकार बोर्ड सदस्य गणपत लाल शर्मा एवं तकनीकी सलाहकार भुवनेश लाहोटी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story